कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा बोले- भाजपा सरकार तुरंत बुलाए संसद औरव हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र
हरियाणा से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार पर हमला किया है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार संसद और हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा में कांग्रेस के एकमात्र राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि केंद्र व राज्य सरकार को किसान आंदोलन की गंभीरता को समझना चाहिए। आंदोलन को देखते हुए दोनो सरकारों को तुरंत संसद व हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना चाहिए। दीपेंद्र हुड्डा लगातार आंदोलनरत किसानों के बीच पहुंच रहे हैं। रविवार को भी उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग टोल प्लाजा पर धरनारत किसानों के बीच पहुंचकर उनका समर्थन किया।
पूर्ण बहुमत के बावजूद सदन में चर्चा से क्यों डर रही है सरकार
चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों से बातचीत में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार पूरी तरह बहरी हो चुकी है। उसे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीक़े से उठाई जा रही किसानों की आवाज़ सुनाई नहीं दे रही है। सरकार किसानों की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने की कोशिश कर रही है। लेकिन सरकार इस आवाज़ को जितना दबाएगी, उसकी गूंज उतनी ही जोर से सुनाई देगी।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार देश की संसद और प्रदेश की विधानसभा पर ताले लगाए बैठी है। न संसद और न ही विधानसभा का सत्र बुलाया जा रहा है। जनप्रतिनिधि के नाते सभी सांसद और विधायकों का फ़र्ज बनता है कि वह अन्नदाता की आवाज को सदन में उठाएं, लेकिन सरकार सदन में चर्चा से कतरा रही है। सवाल उठता है कि पूर्ण बहुमत के बावजूद सरकार को आख़िर किस बात का डर है। दीपेंद्र ने कहा कि किसान एक देशभक्त वर्ग है। वह खेतों में मेहनत कर देश का पेट पालते हैं तो उनके बेटे देश की सीमा पर अपनी जान देते हैं।
दीपेंद्र हुड्डा नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन
इसके साथ ही दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। उनका कहना है कि आज देश और प्रदेश का अन्नदाता कठोर संघर्ष के दौर से गुज़र रहा है। किसान इस कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे दिल्ली बार्डर और प्रदेश के अलग-अलग इलाक़ों में धरना दे रहे हैं। रोज धरना स्थल से किसी न किसी किसान के दम तोड़ जाने की खबर आ रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में हम किसी भी तरह का जश्न नहीं मना सकते। इसलिए दिवंगत किसानों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उन्होंने इस बार जन्मदिन नहीं मनाने का फ़ैसला लिया है। दीपेंद्र का जन्मदिन चार जनवरी को है। उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि वह उन्हें बधाई देने पहुंचने की बजाय किसानों के बीच पहुंचें।
यह भी पढें: हरियाणा में नई सियासी पारी शुरू कर सकते नवीन जयहिंद, सीएम मनोहर से बातचीत से अटकलें तेज
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें