Move to Jagran APP

हरियाणा में नई सियासी पारी शुरू कर सकते नवीन जयहिंद, सीएम मनोहर से बातचीत से अटकलें तेज

हरियाणा आप के पूर्व प्रधान नवीन जयहिंद जल्‍द ही एक बार फिर राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं। नवीन जयहिंद काफी समय से राजनीति से दूर हैं। उनकी हरियाणा केे मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल से बातचीत के बाद चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sun, 03 Jan 2021 08:50 AM (IST)Updated: Sun, 03 Jan 2021 07:02 PM (IST)
हरियाणा में नई सियासी पारी शुरू कर सकते नवीन जयहिंद, सीएम मनोहर से बातचीत से अटकलें तेज
हरियाणा आप के पूर्व अध्‍यक्ष नवीन जयहिंद। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, जेएनएन। लंबे समय से अज्ञातवास में चल रहे आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवीन जयहिंद राजनीति में फिर सक्रिय हो सकते हैं। जयहिंद पारिवारिक कारणों से फील्ड से गायब थे। उनके अज्ञातवास में जाने के बाद से आम आदमी पार्टी हरियाणा में बिखर रही है। राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता ने प्रदेश में पार्टी का संगठन खड़ा करने की कोशिश भी की, मगर उन्हें अपेक्षित सफलता हासिल नहीं हो सकी।

loksabha election banner

लंबे समय से अज्ञातवास में चल रहे जयहिंद से सीएम मनोहर लाल ने की फोन पर बातचीत

नवीन जयहिंद अपनी नई राजनीतिक पारी आम आदमी पार्टी के साथ ही शुरू करेंगे अथवा किसी नई पार्टी का झंडा थामेंगे, यह अभी भविष्य के गर्त में है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शुक्रवार की रात को जयहिंद से फोन पर बातचीत करने के बाद नई अटकलों को जन्म मिला है। मुख्यमंत्री द्वारा जयहिंद से करीब दस मिनट तक बातचीत करने की खबर है।

दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल द्वारा जयहिंद से तलाक ले लिए जाने के बाद से वह अज्ञातवास में हैं। बताया जाता है कि जयहिंद काफी दिनों से एकांतवास में रहकर योग साधना (मेडिटेशन) कर रहे हैं। मूल रूप से रोहतक के रहने वाले जयहिंद मौका मिलने पर कई बार किसान आंदोलन के बीच रात को पहुंचे तथा उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से अपना समर्थन दिया। सीआइडी की यह रिपोर्ट सरकार तक पहुंची तो मुख्यमंत्री ने कुशलक्षेम पूछने के बहाने से जयहिंद को नई पेशकश कर डाली।

नवीन जयहिंद ने बीच में पीटीआइ के लिए हुई भर्ती में भी टेस्ट दिया था, जिसमें उनका चयन हो चुका है। जयहिंद फिजिकल एजुकेशन में पीएचडी तथा जनसंचार में मास्टर हैं। भर्ती में नंबर आने के बावजूद जयहिंद ने ज्वाइन नहीं किया। मुख्यमंत्री ने इसी बात को आधार बनाकर जयहिंद से बातचीत शुरू की। मुख्यमंत्री ने जयहिंद का पीटीआइ भर्ती में नंबर आने का जिक्र करते हुए कहा कि अब आप समझ सकते हैं कि हमारी सरकार में नौकरियां कितनी पारदर्शिता से दी जाती हैं, जिसमें आपका भी नंबर आ गया।

पिछले कई दिनों से रात के अंधेरे में किसानों के बीच गुपचुप तरीके से पहुंच रहे थे जयहिंद

सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने जयहिंद से कहा कि आप युवा हैं और राजनीतिक करियर काफी लंबा है। इसलिए अज्ञातवास में रहने की बजाय फिर से सक्रियता बढ़ाई जानी चाहिए। जयहिंद ने बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के साथ हुई किसी भी चर्चा के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।

उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि मुख्यमंत्री का फोन आया था। उन्होंने नए साल की बधाई दी। कुशलक्षेम पूछा। बाकी लोग भी फोन करते हैं। क्या अगली पारी भाजपा से शुरू कर सकते हैं? इस सवाल के जवाब में जयहिंद ने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि अटकलें लगाने में किसी का कुछ खर्च नहीं होता। कोई भी कैसी भी अटकलें लगा सकता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.