Move to Jagran APP

Khelo India Youth Games: दांव पर लगे 1866 पदक, दम दिखाने को तैयार हरियाणा

Khelo India Youth Games खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज 4 जून को होगा। इस बार इस गेम्स का मेजबान हरियाणा है। शुभारंभ के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचे। गेम्स में हरियाणा दम दिखाने को पूरी तरह से तैयार है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 02 Jun 2022 08:13 PM (IST)Updated: Thu, 02 Jun 2022 08:13 PM (IST)
हरियाणा के सीएम गेम्स के बारे में जानकारी देते हुए। फोटो- डीपीआर

सुधीर तंवर, चंडीगढ़। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शनिवार को शाही आगाज होगा। दूधिया रोशनी के बीच रंग-बिरंगी लाइटों व सांस्कृतिक झलकियों के साथ शुरू हो रहे युवा खेलों के चौथे संस्करण में 1866 पदक दांव पर लगे हैं। इनमें 545 स्वर्ण, 545 रजत और 776 कांस्य पदक शामिल हैं जिनके लिए 8500 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्घाटन समारोह के मुख्य मेहमान होंगे। युवा खेलों की तैयारियों से पूरी तरह संतुष्ट मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आयोजन भव्य और ऐतिहासिक होगा। खिलाड़ी और दर्शक इस आयोजन को लंबे समय तक याद रखेंगे। उम्मीद है कि खेलो इंडिया के तीसरे संस्करण में 200 पदक जीतकर महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर रहा हरियाणा इस बार पहले स्थान पर काबिज होगा।

खेलों में शामिल हो रहे खिलाडिय़ों की सुविधाओं के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। ठहरने के लिए न्यूनतम तीन सितारा होटलों में व्यवस्था की गई है। उच्च गुणवत्ता वाला पौष्टिक भोजन परोसा जाएगा। होटल से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षित यात्रा के लिए वाहनों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

खेल के मैदान, प्रतियोगिता कार्यक्रमों और अन्य आवश्यक जानकारी से अवगत कराने के लिए आयोजन स्थल पर साइनबोर्ड, विज्ञापन, गाइड मैप लगाए गए हैं ताकि खिलाडिय़ों और दर्शकों को हर पल की जानकारी मिल सके। इसके अलावा प्रत्येक मैदान पर डाक्टरों, नर्सों, फिजियोथेरेपिस्ट और एंबुलेंस की एक टीम की व्यवस्था की गई है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लेस रिहेब सेंटर बनाया गया है। उत्तर भारत में अपनी तरह के अनोखे रिहेब सेंटर में खिलाड़ियों को चोट से जल्द उबारने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं।

पंचकूला में एक साथ सात हजार दर्शक देख सकेंगे मुकाबले

'खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021' का आयोजन प्रदेश सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुल 25 प्रकार के खेल आयोजित किए जाएंगे।

पंचकूला का ताऊ देवी लाल खेल परिसर मुख्य आयोजन स्थल होगा जहां सात हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। तीरंदाजी और फुटबाल प्रतियोगिताएं पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में आयोजित की जाएंगी। तैराकी और जिम्नास्टिक खेल अंबाला, हाकी शाहाबाद और साइकिलिंग व निशानेबाजी प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी।

हरियाणा के जवान-किसान और पहलवान धाकड़, अब बारी खिलाड़ियों की

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा के जवान-किसान और पहलवान धाकड़ हैं। अब बारी खिलाडिय़ों की है जिन्हें खुद को अव्वल साबित करना है। 'खेलो इंडिया' के इतिहास में पहली बार पूरे प्रदेश में मशाल रैली निकाली गई जिससे माहौल बना है। पिछले एक महीने से इन खेलों के तीन शुभंकर पूरे राज्य में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। राहगीरी वाहन पर सवार मस्कट 'धाकड़' सभी को लुभा रहा है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.