24 घंटे में बेअसर हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान, NH-19 की सर्विस लेन पर लंबा जाम
पलवल में बस स्टैंड से किठवाड़ी चौक तक सर्विस लेन पर अतिक्रमण हटाओ अभियान 24 घंटे में ही बेअसर हो ...और पढ़ें
-1792406629730_m.webp)
सोमवार को फिर सज गईं रेहड़ियां
HighLights
पलवल में सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाओ अभियान बेअसर रहा।
रेहड़ी-पटरी वालों और वाहनों ने 24 घंटे में फिर कब्जा किया।
त्योहारों में यातायात समस्या से निपटने को समन्वय जरूरी।
अंकुर अग्निहोत्री, पलवल। त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है, लेकिन पलवल शहर से गुजर रहे दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर अतिक्रमण राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा सकता है।
सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एनएचएआइ और यातायात पुलिस की ओर से चलाया गया अभियान महज एक दिन में ही बेअसर नजर आने लगा है। बीते रविवार को बस स्टैंड से किठवाड़ी चौक तक हटाया गया अतिक्रमण सोमवार को दोबारा नजर आया।
रेहड़ी-पटरी वालों ने फिर से जगह घेर ली, वहीं वाहनों ने भी सर्विस लेन पर कब्जा कर लिया। इससे पहले किठवाड़ी चौक से रसूलपुर चौक तक भी अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया गया था, लेकिन कुछ समय बाद वहां भी स्थिति पहले जैसी हो गई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अतिक्रमण हटाने के लिए बार-बार अभियान चलाया जा रहा है तो फिर स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है।
बाजारों में बढ़ेगी भीड़, सर्विस लेन पर जाम का खतरा
त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सर्विस लेन पर रेहड़ियां लगने और वाहनों के खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है। अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है और पैदल चलने वालों के लिए भी जगह कम पड़ जाती है।
इसी को देखते हुए एनएचएआइ व यातायात पुलिस ने अतिक्रमण अभियान चलाया, लेकिन 24 घंटे के अंदर अतिक्रमणकारियों ने सर्विस लेन पर दोबारा कब्जा कर लिया। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो त्योहारों के दौरान यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
चालान के अधिकार को लेकर विभागों की अलग-अलग जिम्मेदारी
एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धीरज सिंह का का कहना है कि उनकी ओर से सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाया जा सकता है, लेकिन चालान करने का अधिकार उनके पास नहीं है। रेहड़ी-पटरी वालों के चालान करने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है, जबकि सड़क पर खड़े वाहनों के चालान यातायात पुलिस की ओर से किए जाते हैं।
ऐसे में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दोबारा कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करना भी जरूरी है। त्योहारों के मद्देनजर यदि संबंधित विभाग आपसी समन्वय से नियमित निगरानी और चालान की कार्रवाई करें, तभी सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की उम्मीद की जा सकती है।
