विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में एनएच-19 पर हुड़दंगबाजी और रील्स बनाना पड़ा भारी, 35 हजार चालान के साथ दो गाड़ियां जब्त

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:26 PM (IST)

पलवल पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वाले युवकों पर शिकंजा कसा है। वायरल वीडियो के ...और पढ़ें

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित बघोला फ्लाईओवर के पास चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो ग्रैब

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित बघोला फ्लाईओवर के पास चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. पलवल पुलिस ने NH-19 पर स्टंटबाजों पर की सख्त कार्रवाई।

  2. चलती गाड़ियों से पर्चे फेंकने का वीडियो हुआ था वायरल।

  3. पुलिस ने 35 हजार चालान कर दो गाड़ियां की जब्त।

जागरण संवाददाता, पलवल। सड़कों पर स्टंटबाजी, हुड़दंग और सोशल मीडिया के लिए हवाबाजी करने वाले युवाओं पर पलवल जिला पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित बघोला फ्लाईओवर के पास चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंकने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का वीडियो वायरल हुआ था।

उस मामले में आरोपित युवकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 35 हजार रुपये का चालान काटा है और दो गाड़ियों को जब्त कर लिया है।

उड़ा रहे थे कॉलेज के चुनाव प्रचार की पर्चियां 

बताया जा रहा है कि हुड़दंगबाजी करने वाले युवक जिले के एक काॅलेज में पढ़ाई करते हैं और उन्होंने काॅलेज के एक चुनाव का जश्न मनाते हुए कारों से यह हुड़दंगबाजी की। छात्र पृथला पलवल से पृथला गांव जा रहे थे।

छात्रों का बघोला फ्लाईओवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जहां कारों में सवार युवक गाड़ियों से बाहर निकलकर पर्चे फेंक रहे थे और हुड़दंगबाजी कर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने सख्त संज्ञान लिया और आरोपितों व उनके वाहनों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

युवकों को अपनी गलती का अहसास हुआ

एसपी के निर्देशों के बाद थाना गदपुरी प्रभारी उप-निरीक्षक कुलदीप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों वाहनों की पहचान की। इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत करीब 35,000 रुपये का भारी-भरकम चालान कर दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद युवकों को अपनी गलती का अहसास हुआ।

युवाओं से ऐसा न करने की अपील की

आरोपित युवकों ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए जिले के अन्य युवाओं से अपील की कि वे सड़कों पर किसी भी तरह की हवाबाजी, स्टंटबाजी या रील्स बनाने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों।

पुलिस ने युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया, जबकि स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो और बलेनो दोनों कारों को जब्त कर दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही से न केवल स्टंट करने वालों, बल्कि दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें- पलवल में नो पार्किंग जोन बने शोपीस, बोर्ड के नीचे ही खड़े हो रहे वाहन; कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा

यह भी पढ़ें- पलवल में दिनदहाड़े चिकन विक्रेता को मारीं गोलियां, गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए किया रेफर