पलवल में दिनदहाड़े चिकन विक्रेता को मारीं गोलियां, गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए किया रेफर
पलवल में रसूलपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रविवार सुबह एक चिकन विक्रेता वसीम को अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोली मार ...और पढ़ें
-1790491561723_m.webp)
मौके पर जांच करती पुलिस। जागरण
HighLights
पलवल में चिकन विक्रेता वसीम को दिनदहाड़े गोली मारी।
रसूलपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हुई वारदात, दो हमलावर फरार।
घायल वसीम हायर सेंटर रेफर, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में कैंप थाना अंतर्गत रसूलपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हमलावरों ने दिनदहाड़े एक चिकन विक्रेता युवक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
वारदात में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अभी हमलावरों और हमले का कारण नहीं पता चला पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान शहर के सैयदवाड़ा मोहल्ला निवासी वसीम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वसीम रोजाना की तरह रविवार सुबह रसूलपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे अपनी चिकन की दुकान खोल रहा था।
इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसकी दुकान पर आए और चिकन मांगने लगे। जैसे ही वसीम दुकान का शटर खोलने लगा, युवकों ने अचानक बंदूक निकालकर उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
स्वजन के मुताबिक, हमलावरों ने करीब चार गोलियां चलाईं। इसमें से दो गोलियां वसीम के दोनों पैरों में लगीं, जिससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। घायल वसीम को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
