पलवल में मुठभेड़, दो बदमाश गिरफ्तार, एसपीओ गंभीर रूप से घायल
पलवल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने ट्रक चालक को बंधक बनाया और डायल ...और पढ़ें

पलवल पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार एसपीओ गंभीर घायल ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में गोली लगी।
एसपीओ दयाराम बदमाशों की थार से कुचलकर गंभीर घायल।
ट्रक चालक को बंधक बनाकर लूटने का प्रयास किया गया।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल-हथीन रोड पर लूट के इरादे से ट्रक चालक को बंधक बनाने और थार एसयूवी से डायल 112 के एसपीओ को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान जवाबी फायरिंग में सिहौल गांव निवासी बदमाश ओमवीर के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने दबोच लिया है। यह सफल कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स और हथीन एवीटी टीम द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दी गई है।
जब बदमाशों ने शुरू किया पीछा...
बता दें कि पलवल जिले के रणसीका गांव निवासी वसीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक चालक हैं और रविवार शाम उत्तराखंड के रुद्रपुर से पेपर सीट का माल लेकर राजस्थान के जयपुर जा रहे थे। जब वह सोमवार रात करीब दो बजे हथीन रोड पर रतिपुर गांव के समीप पहुंचे, तो बिना नंबर की थार एसयूवी में सवार चार बदमाशों ने लूट के इरादे से उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया।
डर के कारण चालक ने ट्रक नहीं रोका, जिसके बाद बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। इसी बीच चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए डायल 112 पर काल कर पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी।
कुछ आगे बढ़ने पर बदमाशों ने हथियारों के बल पर हथीन के पास ट्रक को रुकवा लिया और चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद दो बदमाश ट्रक में घुस गए, जबकि अन्य दो बदमाशों ने चालक वसीम को अपनी थार एसयूवी में बंधक बना लिया और पलवल की तरफ ले जाने लगे।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस...
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। रास्ते में पुलिस वाहन में तैनात एसपीओ दयाराम ने जब नीचे उतरकर बदमाशों की थार को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने गाड़ी से कुचलकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश रतीपुर के समीप थार और चालक वसीम को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने लूटे गए ट्रक को हथीन क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एसपीओ दयाराम को तुरंत पलवल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने के चलते उन्हें पहले पलवल के एक निजी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए फरीदाबाद के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस इस सनसनीखेज वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले में ट्रक चालक से लूटपाट कर बंधक बनाने और पुलिस टीम पर हमला करने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में विकास को मिलेगी रफ्तार, गंगा एक्सप्रेसवे के पास 101 हेक्टेयर में विकसित होगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।