प्रयागराज में विकास को मिलेगी रफ्तार, गंगा एक्सप्रेसवे के पास 101 हेक्टेयर में विकसित होगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर
प्रयागराज में गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 101.5 हेक्टेयर में औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना धीमी भूमि अधिग्रहण के कारण अटकी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 101.5 हेक्टेयर में औद्योगिक कॉरिडोर की योजना।
सर्किल रेट पर सहमति न बनने से भूमि अधिग्रहण धीमा।
यूपीडा को चालू वित्तीय वर्ष में सर्वे पूरा होने की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना जमीन अधिग्रहण की धीमी रफ्तार में उलझी है। सोरांव तहसील के चार गांवों में 101.5 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर विकसित किया जाना है, लेकिन अब तक महज 35.34 हेक्टेयर जमीन का ही सर्वे और मूल्यांकन हो सका है।
सर्किल रेट को लेकर सहमति नहीं बनने से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। हालांकि, यूपीडा के अधिकारियों का दावा है कि चालू वित्तीय वर्ष में पूरी जमीन का सर्वे और मूल्यांकन पूरा कर लिया जाएगा।
औद्योगिक कॉरिडोर के लिए जूड़ापुर दांदू, बारी, सराय खातून और मलाक चतुरी गांव के काश्तकारों से जमीन अधिग्रहीत की जानी है। भूमि अधिग्रहण के बाद यहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने के साथ प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के लिए रास्तों का निर्माण कराया जाएगा।
यूपीडा के अधिकारियों के अनुसार, बुनियादी सुविधाएं विकसित होने के बाद भारतीय और विदेशी कंपनियां यहां अपनी औद्योगिक इकाइयां और कारोबार विस्तार कर सकेंगी। इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा एक्सप्रेसवे
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण चार चरणों में किया गया है। प्रयागराज मंडल के दो जिलों में कुल 56 किलोमीटर लंबाई में यह एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। इसमें प्रतापगढ़ में 41 किलोमीटर और प्रयागराज में 15 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। एक्सप्रेसवे पर मेरठ और प्रयागराज में दो प्रमुख टोल प्लाजा बनाए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।