पलवल में 70 लाख के सरिया लूट मामले में दो बदमाश गिरफ्तार, फर्जी अधिकारी बनकर की थी वारदात
पलवल पुलिस ने फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बनकर 70 लाख के सरिया लदे ट्राला लूटने और चालक के अपहरण मामले ...और पढ़ें

HighLights
पलवल पुलिस ने दो लुटेरों को किया गिरफ्तार।
फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बनकर लूटा था सरिया।
70 लाख के सरिया लदे ट्राला की थी लूट।
जागरण संवाददाता, पलवल। फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बनकर सरिया लदे ट्राला को लूटने और चालक का अपहरण करने के मामले में पलवल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीआइए पलवल की टीम ने दोनों आरोपितों को नूंह रोड पर मिड़कोला के पास से दबोचा है। पुलिस ने उनके कब्जे से सरिया से लदा ट्राला, वारदात में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपितों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात सोहना रोड स्थित सेक्टर-2 मोड़ के पास बदमाशों ने फर्जी सेल टैक्स अधिकारी बनकर सरिया लदे ट्राला को रुकवाया था। चालक मुबारक खान के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया गया।
इसके बाद हथियार दिखाकर उसकी आंखों पर गमछा बांधकर उसे अपने साथ ले गए और राजस्थान के पीरूका गांव की पहाड़ियों में छोड़ दिया। बदमाश सरिया लदा ट्राला लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद शहर थाना पुलिस ने लूटा गया ट्राला पलवल-रोहतक रोड से खाली हालत में बरामद किया था।
इसके बाद करीब 70 लाख रुपये कीमत के माल की लूट और चालक के अपहरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीप्ति गर्ग के निर्देश पर सीआइए पलवल की टीम ने जांच शुरू की।
दूसरे ट्राला में मिला लूटा गया माल
जांच के दौरान पुलिस ने नूंह रोड के मिड़कोला क्षेत्र से जलालुद्दीन निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश और हुसैन निवासी अटाली, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस को उनके कब्जे से सरिया से लदा ट्राला नंबर HR-46-G-7801 मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लूटा गया माल कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरी वारदात के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से उनके फरार साथियों, वारदात में इस्तेमाल वाहनों, सरिया लोड कराने वाले गोदामों और माल को ठिकाने लगाने की योजना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एसआई महाबीर सिंह, एएसआई लक्ष्मण सिंह, एएसआई श्रीचंद, एएसआई सुंदर समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसपी दीप्ति गर्ग ने कहा कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
