औरंगाबाद में CSP संचालक से 1.5 लाख की लूट, ग्रामीणों ने पीछा कर 2 बदमाशों को दबोचा; जमकर की धुनाई
औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र में अंबा-नवबीनगर पथ पर तमसी मोड़ के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
-1789146746589_m.webp)
पकड़ा गया बदमाश गोलू गिरी।(जागरण)
HighLights
कुटुंबा में सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपये की लूट।
हथियारबंद बदमाशों ने तमसी मोड़ पर सीएसपी संचालक को लूटा।
ग्रामीणों ने पीछा कर दो लुटेरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
पंचायत सूत्र, कुटुंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के अंबा-नवबीनगर पथ पर तमसी मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए।
घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से भाग रहे बदमाशों का चकुआ समेत अन्य गांव के ग्रामीणों ने पीछा किया और चकुआ गांव के समीप घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया।
दोनों को ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची कुटुंबा थाना पुलिस ने दोनों बदमाशों को अपने कब्जे में लिया। गिरफ्तार बदमाशों मेें माली थाना क्षेत्र के पिपरा खंभा गांव निवासी गोलू गिरी, ओबरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी अजय सिंह शामिल हैं।
दोनों बदमाशों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो कारतूस, लूटा गया लैपटाप और चोरी की बाइक बरामद किए हैं। बदमाशों के पास से लूटे गए रकम में करीब 62 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस इस घटना में फरार एक बदमाश एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के घुजा गांव निवासी कुणाल चंद्रवंशी उर्फ महादेव चंद्रवंशी की गिरफ्तारी और अन्य राशि की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
सीएसपी संचालक अनोखी कुमार वर्मा ग्राम पंचायत के कासिमपुर गांव का निवासी है। संचालक के भाई जगन देव कुमार ने बताया कि अनोखी शुक्रवार को घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर तमसी गांव स्थित अपने ग्राहक सेवा केंद्र जा रहे थे।
तमसी मोड़ से नहर वाले रास्ते पर करीब सौ मीटर आगे बढ़ने पर पहले से घात लगाए हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों की संख्या तीन थी।
बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर सीएसपी संचालक के पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया और बाइक से फरार होने लगे। घटना के बाद संचालक ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पीछा शुरू कर दिया। चकुआ गांव के समीप ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। उनके अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। बरामद बाइक ओबरा से चुराई गई थी।
यह भी पढ़ें- भोजपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवार 3 अपराधियों ने दुकानदार को मारी गोली; जेवर और कैश लूटा
