NH-19 पर सफर करने वालों की बल्ले-बल्ले! 2.5 के लंबे इंतजार के बाद शुरू होगा काम, बनेंगे कई नए फ्लाईओवर और अंडरपास
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलवल के लाखों लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। ₹1123.56 करोड़ की लागत ...और पढ़ें

दिल्ली-आगरा हाईवे पर आसान होगा सफर, दो फ्लाइओवर को हरी झंडी। जागरण
HighLights
पलवल में NH-19 पर जाम से मिलेगी मुक्ति।
मितरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में बनेंगे दो नए फ्लाईओवर।
₹1123.56 करोड़ की परियोजना से यातायात होगा सुगम।
जागरण संवाददाता, पलवल। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना सफर करने वाले पलवल के लाखों लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है।
राजमार्ग के इस खंड पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए 1,123.56 करोड़ रुपये की लागत से फरीदाबाद से लेकर मथुरा-आगरा तक तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार फ्लाइओवर और चार व्हीकल अंडरपास बनाने की मंजूरी दी गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत जिले के मितरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में दो नए फ्लाईओवरों का निर्माण किया जाएगा।
ढाई साल पहले हुआ था शिलान्यास, अब शुरू होगा काम
दिल्ली और दूसरे क्षेत्रों से आगरा, मथुरा आवागमन करने के अलावा स्थानीय लोग भी राष्ट्रीय राजमार्ग 19 का प्रयोग करते हैं। इसी को देखते हुए मितरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में लंबे समय से फ्लाइओवर निर्माण की मांग उठ रही थी। फरवरी, 2024 में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने औरंगाबाद में लगभग 60 करोड़ रुपये और मुंडकटी में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवरों का शिलान्यास किया था।
हालांकि, दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष था, जिसे लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा था।
जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे लोग
करीब 12 साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को चार से छह लेन का बनाया गया था। उस समय कई जगहों पर फ्लाइओवर बने, लेकिन मीतरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी की घनी आबादी के पास यह सुविधा छूट गई थी।
कुछ समय पहले सुरक्षा कारणों से इन दोनों स्थानों पर डिवाइडर के कट भी बंद कर दिए गए, जिससे स्थानीय लोगों की मुसीबतें कई गुना बढ़ गईं। मजबूरन लोगों को रोजाना राजमार्ग की रेलिंग फांदकर सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे आए दिन गंभीर हादसों का खतरा बना रहता है।
एक लाख की आबादी को मिलेगी सीधी राहत
इन फ्लाईओवरों के न होने से मुंडकटी, मीतरोल, औरंगाबाद, गोपालगढ़ और श्रीनगर सहित आसपास के गांवों की करीब एक लाख की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है। इसके अलावा हथीन, कौंडल, गहलब, बहीन, मानपुर और पहाड़ी जैसे गांवों के लोग तथा आसपास के औद्योगिक व शिक्षण संस्थानों में जाने वाले हजारों यात्री भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
मीतरोल गांव की स्थिति सबसे अधिक संवेदनशील है, क्योंकि गांव की आधी आबादी, ग्रामीणों के खेत-खलिहान और यहां तक कि श्मशान घाट भी सड़क के दूसरी ओर स्थित है। सड़क पार करने की इसी जद्दोजहद में कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मीतरोल-औरंगाबाद और मुंडकटी में जल्द ही नए फ्लाईओवरों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और उम्मीद है कि धरातल पर काम जल्द ही प्रारंभ होगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी
-धीरज कुमार, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई
यह भी पढ़ें- दिल्ली से पलवल-फरीदाबाद और आगरा तक सफर होगा सुपरफास्ट, 1123 करोड़ से बनेंगे 11 फ्लाईओवर और अंडरपास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।