विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल के होडल में 1 करोड़ से बनेगा भुलवाना-उमराला मार्ग, हरियाणा-UP और राजस्थान का सफर होगा आसान

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:42 PM (IST)

मार्केटिंग बोर्ड ने होडल के भुलवाना से उमराला तक 2 किलोमीटर लंबे जर्जर सड़क मार्ग के निर्माण का एस्टीमेट तैयार ...और पढ़ें

जर्जर हालत में उमराला सड़क मार्ग। जागरण

जर्जर हालत में उमराला सड़क मार्ग। जागरण

चंद्र प्रकाश गर्ग, होडल। भुलवाना गांव से उमराला जाने वाले जर्जर सड़क मार्ग के दिन अब बहुरने की उम्मीद जगी है। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से दो किलोमीटर लंबे इस रास्ते का निर्माण कराया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों ने इसका एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े इस रास्ते को पक्का कराने की मांग ग्रामीण पिछले कई वर्षों से उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष भी कई बार समस्या रखी थी।

पिछले वर्ष केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने गांव में विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास के दौरान इस रास्ते को जल्द पक्का कराने की घोषणा की थी।

बनेगा दो किलोमीटर का रास्ता

गौरतलब है कि गांव भुलवाना के चौक से उमराला जाने वाला यह रास्ता पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है।

करीब दो किलोमीटर लंबे इस रास्ते की सीमा उझीना ड्रेन के पास समाप्त होती है। इसके आगे रास्ता उत्तर प्रदेश के गांव उमराला होते हुए मथुरा जिले के अन्य गांवों को जोड़ता है।

शॉर्टकट होने के कारण हरियाणा और उत्तर प्रदेश के ग्रामीण एवं वाहन चालक बड़ी संख्या में इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।

इस मार्ग से उमराला, कोटवन, कामर, कोसीकलां, बठैन और दहगांव सहित कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा राजस्थान सीमा के गांव गढ़ी बरवारी की ओर जाने वाले ग्रामीण और व्यापारी भी इस रास्ते का उपयोग करते हैं।

आसपास के किसानों का खेतों में आना-जाना भी इसी मार्ग से होता है। विभाग की ओर से तैयार एस्टीमेट में सड़क की चौड़ाई करीब 18 फुट प्रस्तावित की गई है।

मार्केटिंग बोर्ड को ट्रांसफर 

करीब चार महीने पहले तक यह रास्ता जिला परिषद के अधीन था। परिषद की ओर से इसके निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी, लेकिन योजना सिरे नहीं चढ़ सकी।

इसके बाद अगस्त में जिला परिषद ने इस रास्ते को दोबारा मार्केटिंग बोर्ड के हवाले कर दिया। अब मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों ने इसके निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

अधूरी मरम्मत से बढ़ गई थी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते को पक्का कराने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। यह मामला जिला परिषद की बैठकों में भी कई बार उठाया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

कई साल पहले मरम्मत के नाम पर सड़क पर पत्थर की रोड़ी डालकर उसके ऊपर मिट्टी डाल दी गई थी। इसके बाद रास्ते की हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई।

जर्जर सड़क से उड़ने वाली धूल के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के समक्ष भी सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया था।

यह भी पढ़ें- पलवल में बेकाबू डंपर ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, युवक और महिला की मौत; JCB की मदद से निकाले गए शव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।