विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दहेज में स्काॅर्पियो नहीं मिली तो विवाहिता और डेढ़ माह के मासूम की कर दी हत्या! पलवल में पति समेत 11 पर FIR

Published: Fri, 21 Aug 2026 03:47 PM (GMT+05:30)

पलवल के रजपुरा गांव में दहेज में स्कॉर्पियो न मिलने पर एक विवाहिता और उसके डेढ़ माह के बेटे की ...और पढ़ें

मृतक बच्ची और मां शगुफ्ता (फाइल फोटो)

मृतक बच्ची और मां शगुफ्ता (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पलवल में विवाहिता और डेढ़ माह के बेटे की हत्या।

  2. दहेज में स्कॉर्पियो कार न मिलने पर वारदात को अंजाम।

  3. मुख्य आरोपित पति सोहिल समेत 11 पर केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, पलवल। सदर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव में बुधवार देर रात एक विवाहिता और उसके महज डेढ़ माह के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मृतका के मायके पक्ष ने मुख्य आरोपित पति समेत ससुराल पक्ष के 11 लोगों पर दहेज में स्कॉर्पियो न मिलने के लिए प्रताड़ित करने और मां-बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपित पति सोहिल का जिला नागरिक अस्पताल में पुलिस की निगरानी में उपचार चल रहा है।

कार के लिए मारते थे ताने

नूंह जिले के सलम्बा निवासी रोनक अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उनकी बेटी शगुफ्ता की शादी रजपुरा गांव निवासी सोहिल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दान-दहेज से संतुष्ट नहीं थे और लगातार स्कॉर्पियो कार की मांग को लेकर शगुफ्ता को प्रताड़ित करते थे। करीब डेढ़ माह पहले शगुफ्ता ने बेटे को जन्म दिया था।

एक बार मायके भी छोड़ आए थे

आरोप है कि छूछक के दौरान भी ससुराल पक्ष ने स्कॉर्पियो कार की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर 15 अगस्त को शगुफ्ता के साथ मारपीट की गई और उसे मायके छोड़ दिया गया। इसके बाद रिश्तेदारों और पंचायत के हस्तक्षेप से 17 अगस्त को 50 हजार रुपये नकद और एक एसी देने के बाद शगुफ्ता को वापस ससुराल भेजा गया।

palwal-dowery-news

नागरिक अस्पताल में विलाप करते शगुफ्ता के स्वजन। जागरण 

मासूम के शरीर तथा गर्दन पर चोट के निशान मिले

परिजनों के अनुसार, 18 अगस्त को शगुफ्ता ने फोन कर बताया था कि उसका पति सोहिल, ससुर यकीम, सास अफसाना समेत अरबाज, जिया, रफीक, वसीम, गांव के सरपंच साहिब, जमशेद, अकरम और राशिद उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

इसके बाद 20 अगस्त की सुबह मायके पक्ष को सूचना मिली कि शगुफ्ता और उसके डेढ़ माह के बेटे जुहान की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रजपुरा पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि मां और मासूम के शरीर तथा गर्दन पर चोट के निशान मिले। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

palwal-dowery-news2

अस्पताल में उपचाराधीन आरोपित सोहिल। जागरण 

छत से कूदकर घायल हुआ पति

पुलिस के अनुसार, मामले में शगुफ्ता का पति सोहिल मुख्य आरोपित है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद सोहिल दूसरी मंजिल की छत से कूद गया, जिससे उसके पैरों में चोट आई। फिलहाल उसका जिला नागरिक अस्पताल में पुलिस की निगरानी में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, सोहिल नशे का भी आदी है।

थाना प्रभारी हरीकिशन ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपित का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पलवल में किसान की गोली मारकर हत्या, खेत में लहूलुहान मिला शव; शरीर पर चोट के निशान

यह भी पढ़ें- पत्नी और दो माह के बच्चे को गला घोंटकर मार डाला, फिर छत से कूदा युवक; जांच में जुटी पलवल पुलिस