हरियाणा के पलवल में प्रिंसिपल की पिटाई से आहत होकर छात्र ने मौत को लगाया गले, FIR दर्ज
शहर के डीआरपी पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र दिवेश ने प्रिंसिपल की मारपीट और अपमान से आहत होकर आत्महत्या कर ली।

प्रिंसिपल की पिटाई और अपमान से आहत नौवीं के छात्र ने की आत्महत्या ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
नौवीं के छात्र ने प्रिंसिपल की मारपीट से आहत होकर आत्महत्या की।
मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर प्रिंसिपल पर मुकदमा दर्ज।
स्कूल प्रबंधन ने छात्र से मारपीट के आरोपों को नकारा है।
अंकुर अग्निहोत्री, पलवल। शहर की कालड़ा कॉलोनी स्थित डीआरपी पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल की मारपीट और अपमान से आहत होकर नौवीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने प्रिंसिपल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार दोपहर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में शहर की न्यू कृष्णा कॉलोनी निवासी मृतक के पिता लखन ने बताया कि उनका बड़ा बेटा दिवेश डीआरपी पब्लिक स्कूल में कक्षा नौवीं और छोटा बेटा गौरव कक्षा आठवीं में पढ़ता है।
प्रिंसिपल को दोनों बच्चों से थी रंजिश
आरोप है कि स्कूल प्रिंसिपल सोनू गुप्ता लंबे समय से दोनों बच्चों से रंजिश रखते थे। शनिवार को स्कूल में पानी पीने के दौरान दिवेश का आठवीं कक्षा के एक छात्र से झगड़ा हो गया था।
स्वजन का आरोप है कि इसी बात को लेकर प्रिंसिपल ने सभी छात्रों के सामने दिवेश की डंडों से पिटाई की और उसका जीवन बर्बाद करने व सामाजिक बेइज्जती करने की धमकी दी। स्वजन के अनुसार, पिटाई के कारण दिवेश के हाथों पर चोट के निशान भी बने हुए हैं।
इसके बाद स्कूल समय में ही दिवेश की मां संध्या को बुलाकर उनके साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया गया और दिवेश को स्कूल की छुट्टी से पहले ही घर भेज दिया गया, जबकि छोटे बेटे गौरव को स्कूल में रोककर धमकाया गया।
शिकायत के मुताबिक, स्कूल में हुई पिटाई और अपमान से दिवेश गहरे मानसिक तनाव में आ गया था। घर पहुंचने के बाद वह ऊपरी मंजिल के कमरे में चला गया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया, तो छोटे भाई गौरव ने दरवाजे के ऊपरी हिस्से से झांककर देखा तो दिवेश फंदे पर लटका मिला। शोर मचाने पर स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी की गई थी मारपीट
स्वजन के अनुसार, प्रिंसिपल पर छात्र से पहले भी मारपीट का आरोप था। स्वजन के अनुसार उन्होंने ने स्कूल प्रबंधन से छात्र का दूसरे स्कूल में दाखिल कराने के लिए टीसी भी मांगी थी। लेकिन, स्कूल प्रबंधन ने दोबारा मारपीट नहीं करने का वादा किया था।
इसी कारण प्रिंसिपल छात्र से रंजिश रखे हुए थे। शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार मृतक छात्र के पिता की शिकायत पर रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को नकारा
इस मामले पर स्कूल निदेशक राजकुमार शर्मा ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उनके अनुसार, पानी पीने के दौरान हुए झगड़े में आठवीं कक्षा के छात्र के सिर में चोट लग गई थी।
विवाद आगे न बढ़े, इसलिए दिवेश को समझाने के बाद उसकी मां को स्कूल बुलाकर उसे घर भेज दिया गया था। स्कूल के किसी भी अध्यापक द्वारा छात्र के साथ कोई मारपीट नहीं की गई।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में खाना नहीं बनाया तो पति ने पत्नी को गोली मारी, घायल हालत में दो दिन तक बनाए रखा बंधक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।