विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के हसनपुर में गंदे पानी का अंबार, बेटी की शादी से पहले परिवार परेशान, लोगों का फूटा गुस्सा 

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:47 AM (GMT+05:30)

हसनपुर की शिव कॉलोनी में शादी के सीजन में खराब सफाई व्यवस्था से लोग परेशान हैं। नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से एक परिवार को बेटी की शादी में शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है, जबकि प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा।

यूपी के हसनपुर में गंदे पानी का अंबार, बेटी की शादी से पहले परिवार परेशान ( फोटो स्रोत : जागरण )

यूपी के हसनपुर में गंदे पानी का अंबार, बेटी की शादी से पहले परिवार परेशान ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. शिव कॉलोनी में नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा।

  2. बेटी की शादी वाले परिवार को हो रही है भारी शर्मिंदगी।

  3. यमुना घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना।

जागरण संवाददाता, हसनपुर। विवाह शादियों का सीजन चल रहा है, लेकिन हसनपुर में सफाई व्यवस्था की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।

सदुआगढ़ी रोड स्थित शिव कॉलोनी के सामने नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि कालोनी के लोगों को घर से निकलने तक में परेशानी हो रही है।

गंदा पानी परिवार के लिए शर्मिंदगी का कारण

वहीं, जिस घर में बेटी की शादी है, वहां सड़क पर जमा गंदा पानी परिवार के लिए शर्मिंदगी का कारण बना हुआ है। शिव कॉलोनी निवासी एक युवक ने बताया कि 25 नवंबर को उसकी बेटी की शादी है। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका है और बुधवार को बरात भी आएगी।

ऐसे में घर के सामने सड़क पर भरा नालियों का गंदा पानी परेशानी बढ़ा रहा है। रिश्तेदारों और बरातियों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ेगा। परिवार की ओर से ग्राम पंचायत और प्रशासन से कई बार सफाई कराने की गुहार लगाई गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत की ओर से कॉलोनियों की लगातार अनदेखी की जा रही है। अब परिवार प्रशासन से यही गुहार लगा रहा है कि साहब, घर में बेटी की शादी है, कम से कम अब तो नालियों की सफाई करवा दो।

यमुना घाट जाने का भी यही है मुख्य रास्ता

सदुआगढ़ी रोड का यह मार्ग केवल शिव कॉलोनी के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि यमुना घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा करने वाले तीर्थयात्री भी इसी रास्ते से यमुना नदी तक पहुंचते हैं।

उन्हें भी सड़क पर जमा नालियों के दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा हसनपुर खंड के सदुआगढ़ी, लहरपुर, फाटनगर, काशीपुर, अतवा और बिल्लोचपुर सहित कई गांवों के ग्रामीण इसी रास्ते से हसनपुर बाजार में खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए आते हैं।

सड़क के दोनों ओर बनी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से दूषित पानी सड़क पर जमा रहता है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों और श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है

सड़क पर बनी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियां आए दिन ओवरफ्लो हो जाती हैं, जिसके कारण सड़क पर पानी भरा रहता है।--सूरजभान वशिष्ठ, कालोनी निवासी

गांव में जहां जहां से गंदगी व नालियों की ओवरफ्लो होने की शिकायत मिलती है, वहां सफाई कर्मचारियों को भेजकर समाधान करवा दिया जाता है। शिव कॉलोनी के सामने ओवरफ्लो हो रही नालियों की सफाई करवा दी जाएगी।-- केशव दयाल गुप्ता, पंचायत सदस्य

घर में बेटी की शादी है, और कालोनी के सामने ही नालियों का गंदा पानी भरा हुआ है। आज शाम को बरात आएगी। नालियों की सफाई नहीं हुई तो परेशानी होगी।-- बबली बघेल,निवासी शिव कालोनी

हसनपुर की शिव कालोनी पूरी तरह अनदेखी का शिकार है, सफाई कर्मचारी कालोनी तक आते ही नहीं हैं। जिसके कारण नालियां ओवरफ्लो रहती हैं।--किशनपाल, कालोनी निवासी

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के विजय नगर में सुधरेगी सीवर व्यवस्था, मिलेगी मुक्त कनेक्शन की व्यवस्था, तैयार हुआ पूरा प्लान


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।