नूंह में तेज रफ्तार ट्रक से पति और तीन बच्चों की कुचलकर मौत; महिला गंभीर, फरार हो गया ड्राइवर
नूंह शहर में तावडू मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पति और तीन बच्चों को कुचल ...और पढ़ें

नूंह में हुए इस सड़क हादसे में ट्रक की ठोकर से बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें साकीर (फाइल फोटो) समेत उनके तीन बच्चों की भी मौत हो गई।
HighLights
नूंह में तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों को कुचला।
पति साकिर और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत।
पत्नी गंभीर घायल, ट्रक चालक मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, नूंह (मेवात)। नूंह शहर में तावडू मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क के पास खड़े पांच लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति सहित तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके पर ही ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया
मृतकों की पहचान साकिर निवासी शाहपुर पाड़ला (25) उसकी दो वर्षीय बेटी सिदरा, दो महीने की बेटी जारा तथा छह वर्षीय गजाला निवासी घासेड़ा की मौत हो गई, जो रिश्ते में साकिर की साली लगती है।
वहीं, उसकी पत्नी नसरीन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए पहले नल्हड़ मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी गंभीर स्थिती को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चों को कुचला
किफायतुल्ला निवासी घासेड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका दामाद साकिर मंगलवार को देर रात अपनी किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। तावडू मार्ग पर साकिर अपने बच्चों के साथ सड़क किनारे खड़े होकर अपने ससुर का इंतजार कर रहा था। उसी समय होडल की तरफ से एक तेज रफ्तार ट्रक आया और उसने पांचों लोगों को अपनी चपेट में लेकर रौंद डाला। ट्रक की चपेट में आने से बच्चे बुरी तरह कुचल गए।
घटनास्थल से थोड़ा आगे ट्रक छोड़कर फरार
हादसे की आवाज सुनकर घटना स्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग मामले को ठीक ढंग से समझ पाते कि उससे पहले ही ट्रक चालक हादसे से थोड़ी आगे ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। अगले दिन सभी का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार को सौंप दिया।
"मरने वाले व्यक्ति के ससुर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।"
-अजीत सिंह, थाना प्रभारी, नूंह शहर थाना।
यह भी पढ़ें- नूंह: नगीना में आज 4 घंटे बिजली रहेगी गुल, 25/31.5 एमवीए ट्रांसफार्मर पर होगा काम; कई फीडर प्रभावित
यह भी पढ़ें- एटा-आगरा हाईवे का चौड़ीकरण: नवंबर तक नूंहखास तक खुलेगा मार्ग, राहगीरों को आवागमन में मिलेगी राहत
