नूंह से KMP एक्सप्रेसवे पर जाने वालों के लिए अलर्ट, रेवासन टोल के पास डायवर्जन; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
केएमपी एक्सप्रेसवे पर रेवासन टोल के पास क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण के कारण यातायात डायवर्ट किया गया है। वाहन चालकों ...और पढ़ें

कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर रेवासन टोल नाके के पास ट्रैफिक डायवर्ट। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नूंह। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर रेवासन टोल नाके के समीप क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
पुलिया का निर्माण कार्य पूरा होने और मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने तक यहां रूट डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने की सलाह दी गई है।
पुलिया निर्माण पूरा होने तक जारी रहेगा डायवर्जन
उपायुक्त अखिल पिलानी और डीएसपी ट्रैफिक सुरेंद्र कौर के निर्देश पर संबंधित विभागों की ओर से पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसी कड़ी में केएमपी ट्रैफिक थाना प्रभारी नरेंद्र सहरावत और HSIIDC के प्रबंधक एवं केएमपी प्रभारी प्रवीण बैनीवाल ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य की स्थिति और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पहलुओं की जानकारी ली। बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिया का निर्माण पूरा होने तक रूट डायवर्जन व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त हिस्से से यातायात बंद
वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से से यातायात को दूर रखा जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे और यातायात भी सुचारु बना रहे।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें। मार्ग पर लगाए गए यातायात संकेतकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रतिबंधित अथवा क्षतिग्रस्त हिस्से से गुजरने का प्रयास न करें।
विशेषकर भारी वाहन चालक सावधानी बरतें और जल्दबाजी से बचें। पुलिया का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही मार्ग पर सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- ठंड के चलते नूंह के 900 सरकारी स्कूलों का नया टाइम-टेबल जारी, 15 नवंबर से लागू होगी नई व्यवस्था