नूंह के पल्ला कॉलेज में अनशन पर बैठे छात्रों से मिले मंत्री राव नरबीर, भूख हड़ताल खत्म करने की अपील
नूंह के पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज में पांच सप्ताह से चल रहे छात्रों के प्रदर्शन के बीच आंदोलन को समाप्त कराने ...और पढ़ें

छात्रों से मिलें उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह। फोटो-दैनिक जागरण
HighLights
मंत्री राव नरबीर सिंह ने पल्ला कॉलेज छात्रों से मुलाकात की।
पांच सप्ताह से चल रही भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर समाधान का आश्वासन, छात्र इस्तीफे पर अड़े।
जागरण संवाददाता, नूंह। पल्ला इंजीनियरिंग कॉलेज में पांच सप्ताह से अधिक समय से चल रहे विद्यार्थियों के आंदोलन को समाप्त कराने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह कॉलेज पहुंचे और धरनारत विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री स्वयं मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और मांगों के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
संबंधित पक्षों से बातचीत जारी
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याएं सरकार तक पहुंच चुकी हैं। सरकार उनकी मांगों को संवेदनशीलता से समझते हुए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य और भविष्य को ध्यान में रखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करें। दीपावली के अवसर पर कोई भी विद्यार्थी भूख हड़ताल पर न रहे, यह मुख्यमंत्री की भी इच्छा है।
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से समाधान की उम्मीद
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने भी विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगें मुख्यमंत्री के संज्ञान में हैं और बातचीत से समाधान निकालने के प्रयास हो रहे हैं।
वहीं छात्रा साजिदा ने कहा कि विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से समाधान की उम्मीद है, लेकिन वे कॉलेज प्रशासन से लिखित आश्वासन चाहते हैं।
छात्र रमीन खान ने बताया कि विद्यार्थियों की प्रमुख मांग कॉलेज प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन का इस्तीफा है। इस पर सकारात्मक निर्णय होने पर ही आंदोलन समाप्त करने पर विचार किया जाएगा।
मंत्री ने विद्यार्थियों को दोबारा बातचीत का भरोसा भी दिया, लेकिन फिलहाल विद्यार्थियों ने आंदोलन जारी रखने का रुख स्पष्ट किया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली चावड़ी बाजार हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई, घायलों का इलाज जारी