विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर माह 1000 रुपये छात्रवृत्ति पाने का मौका, नूंह में 29 नवंबर को होगी NMMS परीक्षा

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:04 PM (IST)

नूंह जिले में 29 नवंबर को राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा आठ केंद्रों पर होगी, जिसमें 2491 छात्र शामिल होंगे। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रति माह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

नूंह में 29 नवंबर को होगी छात्रवृत्ति परीक्षा। फोटो: सांकेतिक

नूंह में 29 नवंबर को होगी छात्रवृत्ति परीक्षा। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. एनएमएमएस परीक्षा 29 नवंबर को नूंह के आठ केंद्रों पर।

  2. 2491 परीक्षार्थी छात्रवृत्ति के लिए देंगे परीक्षा।

  3. चयनित छात्रों को 1000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति मिलेगी।

जागरण संवाददाता, नूंह। राष्ट्रीय साधन-सह-पात्रता छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा 29 नवंबर, रविवार को जिले में बनाए गए आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

परीक्षा में कुल 2491 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

परीक्षा के लिए भिवानी बोर्ड की वेबसाइट पर आज से एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने दी।

एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र अनिवार्य

जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड पर फोटो लगाकर एक वैध पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों को तय समय पर पहुंचना होगा।

वहीं खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी विद्यालय मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यालय से परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय की होगी।

इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी विद्यार्थी समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें और अधिक से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होकर इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा सकें।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति

योजना के नोडल अधिकारी कम जिला गणित विशेषज्ञ एहतेशाम खान ने बताया कि नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप योजना शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित की जा रही है।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उनके शैक्षिक विकास को बढ़ावा देना है।

परीक्षा में जिले के निर्धारित कोटे के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

दो भागों में होगी परीक्षा

एनएमएमएस परीक्षा दो भागों में आयोजित की जाएगी। पहले भाग में मानसिक योग्यता परीक्षण होगा। इसमें विद्यार्थियों की तर्कशक्ति, विश्लेषण एवं संश्लेषण क्षमता की जांच के लिए बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

इस भाग में कुल 90 प्रश्न होंगे तथा प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे।

दूसरे भाग में बौद्धिक योग्यता परीक्षण (एसएटी) होगा। इसमें भी कुल 90 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें विज्ञान के 35, गणित के 20 तथा सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।

जिले में बनाए गए 8 परीक्षा केंद्र

  • पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फिरोजपुर नमक।
  • यासीन मेव सीनियर स्कूल, मुख्य बाजार, नूंह।
  • राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह।
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खेड़ला।
  • आरके इंटरनेशनल स्कूल, सलम्बा।
  • प्रभात सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छपेड़ा।
  • मारिया मंजिल स्कूल, नूंह।
  • हाजी बख्शी मेमोरियल स्कूल, सत्पुतियाका।

यह भी पढ़ें- नूंह के लाल का डिगबोई में कमाल, कभी उठाते थे खिलाड़ियों के बैग; अब गोल्फ टूर्नामेंट में बने नंबर-1

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।