नूंह के लाल का डिगबोई में कमाल, कभी उठाते थे खिलाड़ियों के बैग; अब गोल्फ टूर्नामेंट में बने नंबर-1
नूंह के 24 वर्षीय गोल्फर सौरव राठी ने असम में आयोजित 26वें इंडियनऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट के पहले राउंड ...और पढ़ें
-1794996110536_m.webp)
मैदान में खेलते हुए सौरव राठी। परिजन
HighLights
सौरव राठी ने इंडियनऑयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ में बढ़त बनाई।
पहले राउंड में सात अंडर 65 का शानदार स्कोर हासिल किया।
चोटिल होने के बावजूद बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
संवाद सहयोगी, तावड़ू। असम के डिगबोई में आयोजित 26वें इंडियनआयल सर्वो मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट में नूंह जिले के गांव कोटा खंडेवला के 24 वर्षीय गोल्फर सौरव राठी ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पहले राउंड में सौरव ने सात अंडर 65 का स्कोर बनाकर दो शाट की एकल बढ़त हासिल की। उनके इस प्रदर्शन से पैतृक गांव में खुशी की लहर है।
सौरव ने पहले राउंड में शानदार लय दिखाते हुए आठ बर्डी लगाईं। हालांकि, 18वें होल पर उन्हें दिन की एकमात्र बोगी का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद वह शीर्ष स्थान पर बने रहे।
चुनौतीपूर्ण डिगबोई गोल्फ लिंक्स कोर्स पर 120 खिलाड़ियों में से केवल 29 खिलाड़ी ही अंडर-पार स्कोर बना सके। दिल्ली के अंशुल कबठियाल और अनुभवी गोल्फर ओम प्रकाश चौहान पांच अंडर 67 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
सौरव की सफलता के पीछे संघर्ष और कड़ी मेहनत की लंबी कहानी है। उन्होंने गोल्फ की शुरुआत नूंह स्थित आईटीसी क्लासिक गोल्फ रिजार्ट में कैडी के रूप में काम करते हुए की थी। उनके पिता भी कैडी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। कभी गोल्फ खिलाड़ियों के बैग उठाने वाले सौरव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पेशेवर गोल्फर के रूप में पहचान बनाई।
वर्ष 2019 से वह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में नियमित रूप से खेल रहे हैं। हाल ही में अहमदाबाद में आयोजित क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के फाइनल चरण में 17वां स्थान हासिल कर उन्होंने नए सीजन के लिए पूर्ण सदस्यता और खेलने का अधिकार प्राप्त किया।
खास बात यह है कि टूर्नामेंट से एक दिन पहले सोमवार को गोल्फ कोर्स की गीली सीढ़ियों पर फिसलने से उनके बाएं पैर में चोट लग गई थी। इसके बावजूद उन्होंने हौसला नहीं खोया और शानदार खेल दिखाया। पहले राउंड में उन्होंने 14 में से 12 फेयरवे और 15 ग्रीन इन रेगुलेशन हिट किए।
सौरव ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि यह अच्छा राउंड रहा और नए सीजन की शुरुआत शानदार रही। पहले नौ होल के बाद उनका स्कोर पांच अंडर था। इसके बाद 11वें, 12वें और 14वें होल पर बर्डी लगाकर उन्होंने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। चोट के कारण उन्हें अपनी गति धीमी रखनी पड़ रही है, जिसका उन्हें फायदा भी मिल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।