बदहाल पड़ा मेवात का राष्ट्रीय राजमार्ग 919, जलभराव और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा
तावडू उपमंडल से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-919 की हालत खस्ता है, जगह-जगह गड्ढे और जलभराव से राहगीर व श्रमिक परेशान हैं।

मेवात में राष्ट्रीय राजमार्ग 919 की बदहाली ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग 919 पर गड्ढे और जलभराव से आवागमन बाधित।
हजारों औद्योगिक श्रमिक व राहगीर बदहाल सड़क से जूझ रहे।
जननायक जनता पार्टी नेता अख्तर अली ने सरकार पर सवाल उठाए।
मोहम्मद हारून, तावडू। उपमंडल की सीमा से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-919 की बदहाल हालत राहगीरों और औद्योगिक श्रमिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खोरी कलां से लेकर भिवाड़ी-राजस्थान सीमा तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव की समस्या सामने आ रही है।
स्थानीय निवासी लियाकत अली,पंचायत सदस्य आजाद अली, धर्मवीर आदि ने बताया कि कई हिस्सों में सड़क टूटी हुई है,जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
हाईवे की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
ठंड और कोहरे ने भी अब दस्तक दे दी है, लेकिन हाईवे पर सुरक्षा के इंतजाम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई जगह सड़क किनारे रोड मार्किंग और रिफ्लेक्टर नजर नहीं आ रहे। पैदल चलने वालों के लिए अलग से पगडंडी न होने से हालात और खतरनाक हो जाते हैं।
भिवाड़ी एक बड़ा औद्योगिक हब है,जहां से रोजाना हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रमिक खोरी कला क्षेत्र से इसी मार्ग से पैदल अपने काम पर जाते हैं।
सड़क की इस बदहाली को लेकर जननायक जनता पार्टी के सोहना हल्का प्रभारी अख्तर अली ने सरकार और अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं। अख्तर अली ने कहा कि उन्होंने कई बार इस गंभीर जनसमस्या को सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई।
सरकार की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे लोग
उन्होंने कहा कि बड़े महानगरों और राजस्थान-हरियाणा सीमा को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग की हालत बेहद बदहाल हो चुकी है। खोरी कलां में सबसे ज्यादा गड्ढे हैं, जगह-जगह सड़क पर जलभराव है और सड़क टूटी हुई है। प्रतिनिधि के तौर पर और राजनीतिक प्रतिनिधि के तौर पर भी उन्होंने आवाज उठाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अख्तर अली ने कहा कि सरकार की इस अनदेखी का खामियाजा सीधे तौर पर गरीब मजदूरों, किसानों और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछली 12 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मौजूदा विधायक भी सत्ताधारी पार्टी के होने के बावजूद इस मुख्य मार्ग की हालत नहीं सुधर पा रही है।इस संदर्भ में विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई। लेकिन, संपर्क नहीं हो सका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।