विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नूंह के जंगल में कंबल में लिपटी मिली नवजात बच्ची, जाम में फंसे DSP ने पहुंचाया अस्पताल

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:34 PM (IST)

नूंह रोड स्थित पहाड़ी पर एक नवजात बच्ची कंबल में लिपटी हुई जीवित अवस्था में मिली। डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने ...और पढ़ें

जंगल में मिली नवजात बच्ची। फोटो-दैनिक जागरण

जंगल में मिली नवजात बच्ची। फोटो-दैनिक जागरण

HighLights

  1. नूंह पहाड़ी पर कंबल में लिपटी मिली नवजात बच्ची।

  2. डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।

  3. पुलिस ने अवैध डिलीवरी और abandonment की जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, मेवात। नूंह रोड स्थित पहाड़ी पर मंगलवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। जंगल में एक कंबल के अंदर लिपटी नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। बच्ची के मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कुछ लोग बच्ची की फोटो और वीडियो बनाने में जुट गए, जिससे पहाड़ी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। इसी जाम में फंसे तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए खुद मोर्चा संभाला।

बच्ची को अस्पताल में कराया गया भर्ती

डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बिना समय गंवाए बच्ची को अपने सरकारी वाहन से नूंह स्थित बलिदानी हसन खां मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार एवं देखरेख शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नई गांव निवासी असगरी अपने पति के साथ तावडू से दवा लेकर घर लौट रही थीं। सीलखो पहाड़ से नूंह की ओर जाते समय दंपती तावडू सदर थाना क्षेत्र में रुका। इसी दौरान असगरी शौच के लिए जंगल की तरफ गईं तो उन्हें वहां एक कंबल पड़ा दिखाई दिया।

WhatsApp Image 2026-11-17 at 3.04.15 PM

संदेह होने पर उन्होंने कंबल खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कंबल में एक नवजात बच्ची लिपटी हुई थी और उसकी सांसें चल रही थीं। उन्होंने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी। पति ने राहगीरों को रोककर बच्ची मिलने की सूचना दी तो देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जाम में फंसे डीएसपी ने दिखाई तत्परता

इसी दौरान नूंह की ओर जा रहे डीएसपी अभिमन्यु लोहान का सरकारी वाहन भी भीड़ के कारण लगे जाम में फंस गया। जाम का कारण पता करने पर उन्हें जंगल में नवजात बच्ची मिलने की जानकारी मिली।

उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल अपने स्टाफ की मदद से बच्ची को सुरक्षित उठवाया और सरकारी वाहन से नल्हड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

WhatsApp Image 2026-11-17 at 3.03.16 PM

वहां चिकित्सकों ने बच्ची को भर्ती कर उसकी देखरेख शुरू कर दी। डीएसपी की इस तत्परता और संवेदनशीलता की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि तावडू सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नरेश कुमार को मौके पर भेजा गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट में फंसे किसी भी व्यक्ति की मदद करना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है और बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाना उनकी प्राथमिकता थी।

अवैध डिलीवरी के बाद छोड़ने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के जन्म के बाद उसे जंगल में लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। किसी अस्पताल या अन्य स्थान पर गैरकानूनी तरीके से डिलीवरी कराए जाने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा रहा है।

हालांकि,अभी इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्र और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- नूंह में एनकाउंटर, पुलिस मुठभेड़ में दो तस्कर ढेर; तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।