अधिक सवारियां भरकर डग्गामार वाहन हादसों को दे रहे न्योता
नूंह में डग्गामार वाहन हादसों को न्यौता देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। वाहनों में सीमा से ज्यादा सवारियों को भर कायदे कानून की धज्जियां उड़ा रहे है। प्रशासन चाहे कितने ही दावे कर ले, लेकिन सच्चाई यही है कि प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। जिसके चलते सड़क पर डग्गामार वाहन कभी भी देखे जा सकते है। थ्री
जागरण संवाददाता, नूंह:
नूंह में डग्गामार वाहन हादसों को न्योता देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। वाहनों में सीमा से ज्यादा सवारियों को भर कायदे कानून की धज्जियां उड़ा रहे है। प्रशासन चाहे कितने ही दावे कर लें, लेकिन सच्चाई यही है कि प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। अब त्योहारी सीजन में सड़क पर डग्गामार वाहनों की संख्या भी बढ़ गई है। थ्री व्हीलर सहित अन्य सवारी वाहन सवारियों को लादकर भरते है। जिले की लचर परिवहन व्यवस्था का फायदा उठाते थ्री व्हीलर तथा मैक्सी कैब चालक सवारियों को क्षमता से दोगुना भर रहे हैं। जिले में बेरोकटोक चलते इन सवारी वाहनों में नाबालिग बच्चे भी छतों पर बैठकर सफर करते हैं। जिस पर प्रशासन बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहा हैं।
बता दें कि जिले में परिवहन व्यवस्था के हालत संतोषजनक नहीं हैं। जिले की हजारों सवारियां प्रतिदिन मैक्सी कैब, जीपों व थ्री व्हीलरों के भरोसे सफर कर रही हैं। ऐसे में ये वाहन चालक उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाते हैं। ऐसे में मजबूरन उन्हें मौत के साये में सफर करना पड़ता है। यहां आलम यह है कि एक थ्री व्हीलर की केवल छत पर ही सात-आठ सवारियां बैठाई जाती हैं। जिनमें काफी संख्या में प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे भी होते हैं। जो थोड़ी सी भी चूक होने पर बड़ी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।
वहीं इस मामले में जिला ट्रैफिक इंचार्ज विनीत कुमार ने बताया कि इस संबंध में जल्द ही एक अभियान चलाया जाएगा। तय नियमों के विरूद्ध चलने वाले सवारी वाहनों के चालान काटे जाएंगे।