विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को झटका, मेवात में आठवीं बार धंसीं टनल; बदलना पड़ेगा प्रोजेक्ट का डिजाइन

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:23 PM (IST)

हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के निर्माण के दौरान पाटूका गांव में टनल आठवीं बार धंस गई, जिससे एक मकान को नुकसान पहुंचा और लाखों का सामान दब गया। 

आर्बिटल रेल काॅरिडोर टनल आठवीं बार धंसी, मकान भी आया चपेट में। फोटो: जागरण

आर्बिटल रेल काॅरिडोर टनल आठवीं बार धंसी, मकान भी आया चपेट में। फोटो: जागरण

HighLights

  1. पाटूका गांव में टनल आठवीं बार धंसी, मकान क्षतिग्रस्त।

  2. किसानों की जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया अब आगे बढ़ी।

  3. परियोजना का काम रुका, टनल का नया डिजाइन बनेगा।

जागरण संवाददाता, तावड़ू। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के निर्माण के दौरान पाटूका गांव में जमीन धंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को आठवीं बार टनल का बड़ा हिस्सा धंस गया।

इस बार एक मकान भी इसकी चपेट में आ गया और उसमें रखा लाखों रुपये का सामान दब गया। लगातार हो रहे हादसों के बीच किसानों के लिए राहत की बात यह है कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में 20-ए नोटिस पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।

अब इसे मंजूरी के लिए रेलवे को भेजा जाएगा।

आठ बार धंसी टनल, मकान को नुकसान

तावड़ू उपमंडल की ग्राम पंचायत सहसोला के पाटूका गांव में निर्माणाधीन टनल पांच अक्टूबर से लगातार धंस रही है। बुधवार, 25 नवंबर को फिर करीब 200 मीटर हिस्से में मिट्टी धंसने की जानकारी सामने आई।

यह आठवीं घटना है। इस बार एक मकान भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसमें रखा लाखों रुपये का सामान दब गया।

लगातार धंसाव से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पहले ही प्रभावित क्षेत्र में बैरिकेडिंग करा चुका है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित है और विशेषज्ञों की टीम तकनीकी जांच कर रही है। फिलहाल परियोजना का काम रोक दिया गया है।

किसानों की जमीन अधिग्रहण का रास्ता साफ

टनल धंसने की घटनाओं के बीच किसानों के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। जिला राजस्व अधिकारी की ओर से 20-ए नोटिस पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

अब इसे मंजूरी के लिए रेलवे को भेजा जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर इसका गजट नोटिफिकेशन भी जारी हो सकता है।

हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के ओएसडी राजू सोलंकी ने बताया कि करीब ढाई किलोमीटर से अधिक क्षेत्र की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि 20-ए नोटिस जारी होने के बाद किसानों को मिलने वाली 12 प्रतिशत ब्याज राशि की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके बाद अंतिम नोटिस 20-ई जारी किया जाएगा।

1075 करोड़ की परियोजना पर फिलहाल रोक

टनल की कुल लंबाई करीब सवा साढ़े चार किलोमीटर बताई गई है। इसमें लगभग एक किलोमीटर हिस्सा अरावली क्षेत्र में है, जबकि ढाई किलोमीटर से अधिक हिस्सा मिट्टी की टनल का है। इसी मिट्टी वाले हिस्से की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

इस परियोजना पर वर्ष 2020 से काम चल रहा है और इस पर 1075 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। लगातार धंसाव के कारण फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, मिट्टी वाली टनल के हिस्से को नए सिरे से डिजाइन किया जाएगा। इसके बाद तय होगा कि वहां दोबारा टनल बनाई जाएगी या निर्माण खुले हिस्से के रूप में किया जाएगा।

किसान बोले- पहले से जता रहे थे आशंका

प्रभावित किसानों का कहना है कि वे पहले से ही इस क्षेत्र में टनल निर्माण के सफल होने को लेकर आशंका जता रहे थे। उनकी मांग जमीन अधिग्रहण की थी।

किसानों ने स्पष्ट किया कि वे सरकार की परियोजना का विरोध नहीं कर रहे थे, बल्कि अपनी जमीन अधिग्रहित कराने की मांग कर रहे थे।

किसानों ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर प्रशासन का आभार जताया है। हालांकि, उन्हें अभी यह स्पष्ट होने का इंतजार है कि उनकी कितनी जमीन अधिग्रहित की जाएगी। किसानों ने लंबी लड़ाई के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ने को अपनी जीत बताया है।

पांच अक्टूबर से अब तक आठ बार धंसाव

क्रम

तारीख

कितना लंबा हिस्सा

पहली बार

5 अक्टूबर

200 मीटर

दूसरी बार

10 अक्टूबर

500 मीटर

तीसरी बार

30 अक्टूबर

300 मीटर

चौथी बार

1 नवंबर

200 मीटर

पांचवीं बार

18 नवंबर

150 मीटर

छठी बार

22 नवंबर

300 मीटर

सातवीं बार

23 नवंबर

50 मीटर

आठवीं बार

25 नवंबर

200 मीटर

अब निगाहें नए डिजाइन पर

लगातार धंसाव के बाद अब जमीन अधिग्रहण और टनल के नए डिजाइन पर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। विशेषज्ञों की तकनीकी जांच और प्रशासन की निगरानी के बीच यह तय किया जाना है कि प्रभावित हिस्से में निर्माण किस तरीके से आगे बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें- मेवात: शहर के नालों की बदहाली देख SDM ने लगाई फटकार, स्वच्छता में लापरवाही पर दी चेतावनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।