हरियाणा के पुन्हाना में दहेज प्रताड़ना का मामला, पति समेत 11 पर केस दर्ज
पुन्हाना सदर थाना पुलिस ने एक विवाहिता की शिकायत पर पति सहित 11 लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

पुन्हाना में दहेज प्रताड़ना का आरोप पति समेत 11 पर केस दर्ज
HighLights
विवाहिता ने पति सहित 11 लोगों पर केस दर्ज कराया।
दहेज प्रताड़ना, मारपीट, धोखाधड़ी सहित कई आरोप लगाए गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहम्मद हारून, पुन्हाना। एक विवाहिता की शिकायत पर पुन्हाना सदर थाना पुलिस ने पति समेत 11 लोगों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना, मारपीट, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी और धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
विवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ससुराल वालों का व्यवहार ठीक नहीं था..
पुलिस को दी शिकायत में पीडित महिला ने बताया कि उसकी शादी 11 मार्च 2023 को नूंह निवासी अजीम उर्फ बोना के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया था, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं रहा।
आरोप है कि पति और ससुराल के अन्य सदस्य उसके साथ मारपीट करते और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
अभद्र व्यवहार के भी लगे आरोप
विवाहिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे घर से निकालने की धमकी देते थे। एक बार पति ने उसके ऊपर कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन उसने बचाव कर लिया।
इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों पर भी उसे परेशान करने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने अपनी शिकायत में स्त्रीधन और चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान वापस दिलाने की मांग भी की है।
पीडिता का आरोप है कि इससे पहले भी मामले को लेकर शिकायत दी गई थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से काउंसलिंग और मध्यस्थता का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- लोनी अस्पताल फायरिंग तोड़फोड़ मामले में बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार