नूंह में खुली 'अमृत फार्मेसी', लोगों को महंगी दवाओं से मिली बड़ी राहत; CM नायब सैनी ने किया शुभारंभ
नूंह के अल आफिया नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से 'अमृत फार्मेसी' का उद्घाटन किया। यह फार्मेसी मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराएगी।

नूंह में अमृत फार्मेसी के उद्घाटन के अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह। फोटो: जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृत फार्मेसी का वर्चुअल उद्घाटन किया।
मरीजों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिलेंगी अस्पताल में।
लगभग आठ लाख रुपये की लागत से स्थापित हुई फार्मेसी।
जागरण संवाददाता, नूंह। अल आफिया नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में स्थापित ‘अमृत फार्मेसी’ का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से किया।
इस फार्मेसी की स्थापना पर लगभग आठ लाख रुपये की लागत आई है। इससे मरीजों को सस्ती दवाएं मिलेंगी तथा मरीजों को इसका फायदा होगा। अस्पताल परिसर में खुलने से लोगों को दवाओं के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
16 जिला नागरिक अस्पतालों में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन
कार्यक्रम में यमुनानगर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत के संबोधन को लाइव देखा और सुना गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में स्थापित अमृत फार्मेसी का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती सिंह राव भी मौजूद रहीं।
किफायती दवाओं से मरीजों को मिलेगी आर्थिक राहत
जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
सरकारी अस्पतालों में उपचार करवाने आने वाले मरीजों को कई बार बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं, जिससे उनके उपचार पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को उचित दरों पर दवाइयां उपलब्ध होंगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: एडीसी
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए अधिक किफायती और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सरकार की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना भी सुनिश्चित करें।
इसके लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना, उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला, डॉ. रजनीकांत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी, अस्पताल स्टाफ एवं आशा वर्कर मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें- कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर माह 1000 रुपये छात्रवृत्ति पाने का मौका, नूंह में 29 नवंबर को होगी NMMS परीक्षा