विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

40 दिन में 4 बार धंसी टनल, हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर में 125 मीटर जमीन समाई; घरों में आईं दरारें

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:21 PM (IST)

तावड़ू के पास हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल में सवा महीने में चौथी बार भू-धंसाव हुआ है, जिससे 125 मीटर से अधिक हिस्सा प्रभावित हुआ।

टनल धंसने के समय रेत गुबार।

टनल धंसने के समय रेत गुबार।

HighLights

  1. सवा महीने में चौथी बार एचओआरसी टनल में भू-धंसाव।

  2. 125 मीटर से अधिक हिस्सा धंसने से सुरक्षा चिंताएं बढ़ीं।

  3. निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

जागरण संवाददाता,तावड़ू(नूंह)। दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन हरियाणा आर्बिटल रेल कारिडोर (एचओआरसी) परियोजना की टनल में भू-धंसाव का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

मंगलवार शाम को एक बार फिर टनल का 125 मीटर से अधिक हिस्सा धंस गया। सवा महीने के भीतर भू-धंसाव की यह चौथी घटना है। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने करोड़ों रुपये की परियोजना के निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हरियाणा आर्बिटल रेल कारिडोर परियोजना के तहत सोहना-सेहसोला से पाटुका की ओर सी-4 पैकेज में अरावली की पहाड़ियों के नीचे टनल का निर्माण किया जा रहा है। इससे पहले पांच अक्टूबर को टनल का करीब 500 मीटर हिस्सा धंसने की घटना सामने आई थी।

10 अक्टूबर को भी हुआ था धंसाव

इसके बाद 10 अक्टूबर को दोबारा करीब 500 मीटर हिस्से में भू-धंसाव हुआ। वहीं,30 अक्टूबर को तीसरी बार टनल में धंसाव हुआ था। अब मंगलवार 10 नवंबर को चौथी बार 125 मीटर से अधिक हिस्से में जमीन धंसने से निर्माण कार्य की तकनीकी प्रक्रिया और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

लगातार हो रही घटनाओं का असर आसपास के गांवों के लोगों और किसानों पर भी पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी परियोजना में बार-बार भू-धंसाव होना सामान्य बात नहीं है।

टनल निर्माण में अपनाई जा रही तकनीक, पहाड़ी क्षेत्र की भूगर्भीय स्थिति,मिट्टी की पकड़ और सुरक्षा मानकों की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।

आधा दर्जन मकानों में आई बड़ी-बड़ी दरारें

पाटुका निवासी अली मोहम्मद और प्रभावित किसान मुबीन व रज्जाक ने बताया कि उन्होंने सरसों और गेहूं की बिजाई के लिए खेतों में पूरी तैयारी कर ली थी,लेकिन बार-बार जमीन की जुताई और धंसाव के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि आसपास के करीब आधा दर्जन मकानों में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

किसानों ने बताया कि करीब 5617 करोड़ रुपये की पूरी परियोजना में लगभग 1075 करोड़ रुपये अकेले टनल निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में लगातार हो रही घटनाएं टनल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े करती हैं।

ग्रामीणों और प्रभावित किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

कल ही मामला उनके संज्ञान में आ गया था। अब भूमि अधिकरण प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिग्रहण की राशि किसानों के खाते में डाली जाएगी।
-जितेंद्र गर्ग , एसडीएम,तावड़ू

यह भी पढ़ें- नूंह में दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन, टनल के लिए ब्लास्टिंग को मिली मंजूरी; हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को रफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।