लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में जजपा को बड़ा झटका, इस नेता ने छोड़ी पार्टी; भाजपा में जाने के कयास
नारनौल नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने जजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा ईमेल के माध्यम से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला के नाम प्रेषित किया है। कमलेश सैनी के भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। बता दें नायब सिंह सैनी के कमान संभालते ही कमलेश सैनी ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी थी।
जागरण संवाददाता, नारनौल। नारनौल नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने जजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा ईमेल के माध्यम से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला के नाम प्रेषित किया है। कमलेश सैनी के भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
पिछले दिनों प्रदेश सरकार में किए गए बदलाव के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कमान संभालते ही कमलेश सैनी ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी थी। उसी समय कयास लगाए जाने लगे थे कि कमलेश सैनी जजपा को अलविदा कह सकती हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर जजपा में शामिल हुए राव बहादुर सिंह ने नारनौल में पत्रकारवार्ता आयोजित की थी तो उसमें भी कमलेश सैनी नदारद रही थीं।
सैनी जजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य
पत्रकारों ने जजपा लोकसभा प्रभारी राजदीप सिंह फोगाट से सवाल भी पूछे थे। हालांकि उस समय जजपा नेताओं ने कमलेश सैनी के नहीं आने के सवाल को सामान्य लिया था और कहा था कि उनको कोई जरूरी कार्य हो गया है। कमलेश सैनी जजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्या भी हैं।
पहले भी हो चुका है पार्टी छोड़ने का घटनाक्रम
कमलेश सैनी ने 2022 में नारनौल नगर परिषद का चुनाव लड़ा था। उस समय जजपा का भाजपा के साथ गठबंधन था और नारनौल से भाजपा ने अपना प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा था। इस वजह से जजपा ने किसी को टिकट नहीं दी थी। इस बात से नाराज होकर कमलेश सैनी ने जजपा छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और भारी मतों से विजयी होने में कामयाब रही थीं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने दोबारा से जजपा का दामन थाम लिया।
कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद लेंगे निर्णय
कमलेश सैनी के पुत्र हिमांशु सैनी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि फिलहाल जजपा से इस्तीफा दे दिया गया है। कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की जा रही है। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा कि कौन सी पार्टी में जाना है।