नारनौल-रेवाड़ी रूट पर फिर ट्रेनों की आवाजाही पर संकट, कई ट्रेनें रद और डायवर्ट; तीन साल बाद भी अधूरा है काम
नारनौल-रेवाड़ी रेलखंड पर डबलिंग कार्य के कारण 12 अगस्त से 24 सितंबर तक कई ट्रेनें रद या डायवर्ट रहेंगी। 3 ...और पढ़ें

खोरी स्टेशन पर एक ट्रेन का ठहराव भी करीब एक माह के लिए समाप्त किया गया है।
HighLights
नारनौल-रेवाड़ी रेलखंड पर डबलिंग कार्य से ट्रेनें प्रभावित।
12 अगस्त से 24 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द/डायवर्ट।
तीन साल से चल रहे काम से यात्री लगातार परेशान।
जागरण संवाददाता, नारनौल। नारनौल-रेवाड़ी रेलखंड के करीब 50 किलोमीटर हिस्से को डबल करने का काम यात्रियों के लिए बार-बार परेशानी का सबब बन रहा है। अब कुंड-पाली-खोरी स्टेशनों के बीच पैच डबलिंग और इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 12 अगस्त से 24 सितंबर तक फिर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। फिलहाल, खोरी स्टेशन पर एक ट्रेन का ठहराव भी करीब एक माह के लिए समाप्त किया गया है।
किन-किन रूट पर पड़ेगा ज्यादा असर?
रेलवे के अनुसार कुंड-पाली-खोरी के बीच डबलिंग कार्य के लिए 12 अगस्त से 22 सितंबर तक प्री-एनआइ, 23 और 24 सितंबर को एनआई तथा 25 सितंबर से चार अक्टूबर तक पोस्ट-एनआई अवधि रहेगी। इसके चलते रेवाड़ी-फुलेरा और जयपुर-भिवानी सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा।
नारनौल से फुलेरा रूट भी होगा प्रभावित
यात्री सबसे अधिक इस बात को लेकर परेशान हैं कि नारनौल-रेवाड़ी के लगभग 50 किलोमीटर हिस्से के काम को पूरा करने में करीब तीन वर्ष लग चुके हैं और इस दौरान अलग-अलग चरणों में कई बार ट्रेनों को लंबे समय तक बंद या प्रभावित किया गया।
अब कुंड-पाली-खोरी के बाद आगे नारनौल से फुलेरा की ओर काम होना है। ऐसे में दैनिक यात्रियों को आशंका है कि आने वाले समय में फिर इसी तरह ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ सकता है।

रोज के मुसाफिरों को हो रही दिक्कत
दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच नारनौल-अटेली के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि रेलवे को स्पष्ट करना चाहिए कि नारनौल से फुलेरा तक डबलिंग का काम कब तक पूरा होगा और इसके लिए कितनी बार ट्रेनों को बंद करना पड़ेगा। बार-बार ट्रेनें प्रभावित होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को परेशानी हो रही है।
इन ट्रेनों पर रहेगा असर
| ट्रेन | प्रभाव |
| 19620 रेवाड़ी-फुलेरा 19619 फुलेरा-रेवाड़ी 19621 फुलेरा-रेवाड़ी | 29 अगस्त से 24 सितंबर तक रद रहेंगी |
| 59709 जयपुर-भिवानी 59710 भिवानी-जयपुर | 12 अगस्त से 24 सितंबर तक रद रहेंगी |
59633 रेवाड़ी-रींगस | निर्धारित तिथियों पर रद रहेंगी |
15091 | परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा |
वहीं, यात्रियों के लिए राहत की बात है कि अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जनशताब्दी और उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला चेतक एक्सप्रेस के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्री मंच ने मांग की है कि इंटरलॉकिंग और डबलिंग का काम निर्धारित समय से पहले पूरा किया जाए और सुबह-शाम दैनिक यात्रियों के लिए ट्रेनों का संचालन यथासंभव जारी रखा जाए।
यह भी पढ़ें- नारनौल में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने घर लौटने से किया इनकार; नाराज बेटी ने दे दी जान
