राजकीय महाविद्यालय नारनौल की दो बेटियां बनीं सहायक प्रोफेसर, भूगोल विभाग में खुशी की लहर
राजकीय महाविद्यालय नारनौल की दो छात्राओं, पूनम कुमारी और काजल रानी, का हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक प्रोफेसर पद पर चयन हुआ है।

सहायक प्रोफेसर बनीं बेटियों का सम्मान करते प्राचार्य और प्रोफेसर । सौ- प्रवक्ता
HighLights
नारनौल महाविद्यालय की पूनम और काजल बनीं सहायक प्रोफेसर।
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने किया सहायक प्रोफेसर पद पर चयन।
यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की मिसाल है।
जागरण संवाददाता, नारनौल। राजकीय महाविद्यालय नारनौल के भूगोल विभाग की होनहार छात्राओं पूनम कुमारी और काजल रानी का हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा सहायक प्रोफेसर पद पर चयन हुआ है। दोनों की उपलब्धि से महाविद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार एवं भूगोल विभाग के स्टाफ ने दोनों छात्राओं को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्राचार्य ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उनका प्रोफेसर पद पर चयन महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सशक्त मिसाल है। राष्ट्र की प्रगति के लिए बेटियों का सशक्तिकरण आवश्यक है।
महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं भूगोल विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि भूगोल विभाग लंबे समय से शैक्षणिक उपलब्धियों में अग्रणी रहा है। हाल ही में विभाग की पांच छात्राओं ने नेट-जेआरएफ में बेहतर रैंक हासिल की, जबकि चार विद्यार्थियों ने भूगोल विषय में पीएचडी पूरी की है।
विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. हवा सिंह ने कहा कि दोनों छात्राओं ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया। इस अवसर पर विभाग के प्रोफेसर एवं अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
