विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल में वेडिंग सीजन का ग्रैंड आगाज, 20-21 नवंबर को 780 जोड़े लेंगे सात फेरे; मार्च 2027 तक बुक हुए मैरिज हॉल

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:07 PM (IST)

देवउठनी एकादशी के साथ नारनौल में विवाह समारोहों का शुभ मुहूर्त शुरू हो गया है, जिसमें नवंबर और दिसंबर में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. देवउठनी एकादशी से नारनौल में विवाह मुहूर्त शुरू।

  2. 20-21 नवंबर को 780 शादियां होने की संभावना।

  3. विवाह सीजन से बाजारों में कारोबार में तेजी।

चांद किशोर शर्मा, नारनौल। जिले के शहरों और गांवों में रविवार को देवउठनी एकादशी के साथ विवाह और धार्मिक कार्यक्रमों का शुभ मुहूर्त शुरू हो गया। नवंबर और दिसंबर में विवाह समारोह आयोजित होंगे। कई लोगों ने धार्मिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की है।

नारनौल शहर में रेवाड़ी रोड, निजामपुर रोड, सिंघाना रोड, महेंद्रगढ़ रोड, तालाब बहादुर सिंह, महता चौक और बाईपास समेत कई स्थानों पर 20 मैरिज प्लेस और 15 धर्मशालाएं हैं। देवउठनी एकादशी पर अधिकतर विवाह समारोह स्थलों और धर्मशालाओं में आयोजकों ने बुकिंग करवा रखी है।

जिले में कनीना, अटेली, महेंद्रगढ़, सतनाली, नांगल चौधरी, नारनौल और कई गांवों में कुल 350 विवाह समारोह स्थल हैं। नारनौल और आसपास के गांवों में 20 और 21 नवंबर को एकादशी पर्व पर विवाह तथा गृह प्रवेश के मुहूर्त हैं। इन दो दिनों में 780 शादियां होने की संभावना है। नवंबर में कई लोग शादी सीजन की तैयारियों में जुटे हैं।

क्या है देवउठनी एकादशी की मान्यता?

मान्यता है कि देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा के बाद जागते हैं। इस दिन भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम और मां तुलसी का विवाह कराया जाता है।

मान्यता के अनुसार, तुलसी विवाह से घर में सौभाग्य और सुख-समृद्धि आती है। शालिग्राम और तुलसी का विवाह कराने पर तुलसी माता प्रसन्न होकर आशीर्वाद देती हैं।

दीपावली के बाद से ही शहर के मुख्य बाजारों महावीर मार्ग, पुल बाजार, बजाजा बाजार, गांधी बाजार, आजाद चौक, किला रोड, पुरानी अनाज मंडी, तालाब बहादुर सिंह और रेवाड़ी, सिंघाना तथा महेंद्रगढ़ रोड पर ग्राहकों की रौनक बनी हुई है। सर्राफा, कपड़ा, फर्नीचर शोरूम, परचून और अन्य दुकानों पर भी दिनभर भीड़ दिख रही है।

विवाह सीजन शुरू होने से कारोबार में तेजी आई है। विवाह समारोह स्थलों, घोड़ी और बैंड-बाजे सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए आयोजकों ने दो महीने पहले ही बुकिंग करवा दी थी, ताकि समय पर किसी तरह की अड़चन न आए।

क्या बोले मैरिज हॉल के मालिक

रेवाड़ी रोड स्थित सरस्वती गार्डन के मालिक विक्की राव ने बताया कि देवउठनी एकादशी के लिए आयोजकों ने चार महीने पहले बुकिंग कराई थी। मार्च 2027 तक विवाह के लिए 20 लोग बुकिंग करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की मांग के अनुसार गार्डन की सजावट और बुकिंग की जाती है।

रेडीमेड वस्त्र विक्रेता आकाश चौधरी, जयप्रकाश, नरेंद्र अग्रवाल और कमल ने बताया कि दीपावली के दौरान कपड़ों की बिक्री बढ़ी थी, जो शादी सीजन के कारण और तेज हुई है। ग्राहक पारंपरिक परिधानों से लेकर आधुनिक डिजाइन के कपड़े, सूट, शेरवानी और पार्टी वियर खरीद रहे हैं। दुकानदारों को अगले तीन से चार महीने तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है। उनके अनुसार, इस बार ग्राहकों की खरीद क्षमता में भी वृद्धि देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- देवउठनी एकादशी 2026 : अभिजित मुहूर्त शुक्रवार को सुबह 11:45 से 43 मिनट तक, 21 को होगा व्रत का पारण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।