195 करोड़ की टेरर फंडिंग और पहलगाम हमले में नाम आने का डर दिखाकर ठगे 23 लाख, रिटायर्ड लेक्चरर ने FD तोड़ी
साइबर ठगों ने नारनौल की एक रिटायर्ड गेस्ट लेक्चरर को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 23 लाख रुपये ठग लिए। ...और पढ़ें
-1789319765736-1790343025873-1790343034079_m.webp)
पीड़ित ने एफडी की रकम निकलवाकर अपने खाते से ठगों द्वारा बताए गए खाते में 23 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
HighLights
रिटायर्ड लेक्चरर से डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसाकर ठगी।
महाराष्ट्र पुलिस बनकर 23 लाख रुपये हड़पे गए।
पहलगाम हमले और टेरर फंडिंग का डर दिखाया गया।
जागरण संवाददाता, नारनौल। साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड गेस्ट लेक्चरर को डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसाकर 23 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को महाराष्ट्र पुलिस का अधिकारी बताया और महिला को वीडियो काॅल पर धमकाते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उसका नाम सामने आया है। इतना ही नहीं, उसके नाम से जुड़े बैंक खाते में 195 करोड़ रुपये की टेरर फंडिंग आने की बात कहकर उसे गिरफ्तारी और गंभीर कार्रवाई का डर दिखाया गया।
बैंक खातों की जानकारी ले ली
पीड़िता के अनुसार, मामला दो सितंबर का है। महिला के मोबाइल पर शाम के समय वाट्सएप वीडियो काॅल आई। काॅल करने वाले ने खुद को महाराष्ट्र पुलिस का अधिकारी बताया। इसके बाद महिला से उसकी निजी जानकारी और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी ली गई।
ठगों ने उसे किसी से बात करने या घटना की जानकारी देने पर जान से मारने तक की धमकी दी। आरोपितों ने दावा किया कि केनरा बैंक में महिला के नाम से एक खाता है, जिसमें 195 करोड़ रुपये की आतंकी फंडिंग हुई है।
बोले- जांच होने तक जमा करने होंगे रुपये
महिला ने ऐसा कोई खाता होने से इंकार किया तो ठगों ने उसके दूसरे बैंक खातों और एफडी की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद एफडी में जमा रकम की जांच के नाम पर उसे आरबीआई में जमा कराने की बात कही गई।
रकम जांच के बाद वापस मिलने का झांसा दिया गया। ठगों के बताए बैंक खाते में रकम जमा कराने के लिए महिला अगले दिन नारनौल स्थित पीएनबी पहुंची। उसने एफडी की रकम निकलवाकर अपने खाते से ठगों द्वारा बताए गए खाते में 23 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अब पुलिस ने शुरू कर दी है जांच
रकम भेजने के बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। महिला ने चार सितंबर को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम पंचकूला से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर के आधार पर साइबर क्राइम थाना नारनौल में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाट्सएप चैट सहित अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
