नारनौल पुलिस भी बस ड्राइवर की कहानी से हैरान, अवैध हथियार और 12 iPhone का रहस्य गहराया; कंडक्टर को फंसाया
नारनौल में एक रोडवेज बस चालक को बस की सफाई के दौरान अवैध देसी कट्टा मिला, जिसे उसने अपने पास ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्तर में बस ड्राइवर। फोटो: जागरण
HighLights
रोडवेज बस ड्राइवर को बस में अवैध देसी कट्टा मिला।
ड्राइवर ने परिचालक को फंसाने के लिए हथियार उसके बैग में रखा।
यह साजिश 500 रुपये के विवाद और मोबाइल परिवहन से जुड़ी।
बलवान शर्मा, नारनौल। रोडवेज बस ड्राइवर के बयान पर विश्वास करें तो उसने नारनौल पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया है। किलोमीटर स्कीम की बस ड्राइवर भिवानी के विद्यानगर के रहने वाले सुभाष ने बताया कि करीब एक महीने पहले बस की सफाई के दौरान एक कट्टा मिला था, जिसे उसने अपने पास रख लिया था।
सुभाष का कहना है कि उसकी बस में पहले भी अवैध हथियार मिलते रहे हैं। ऐसे में, सवाल उठ रहा है कि आखिर बस में हथियार छोड़कर कौन जाता है। यदि भूलवश छूट भी जाता है तो वह वापस लेने क्यों नहीं आता?
ड्राइवर की बताई कहानी पुलिस को हजम नहीं हो रही है। इस कहानी में अभी भी कई सवाल हैं। पहले मिले हथियारों का क्या हुआ? क्या रोडवेज बस से अवैध हथियारों की तस्करी हो रही है?
एसपी दीपक कुमार का कहना है कि पुलिस तमाम एंगल के तहत मामले की जांच कर रही है।
500 रुपये के लिए बन गए दुश्मन
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दो नवंबर को कंडक्टर सुरेंद्र ने जयपुर में करीब 20 लाख रुपये कीमत के मोबाइल पुलिस को पकड़वाए थे। ड्राइवर ने ये मोबाइल जयपुर पहुंचाने की एवज में 500 रुपये लिए थे।
इससे पहले भी कंडक्टर आरोपी ड्राइवर पर एक हजार रुपये का जुर्माना करवा चुका था। पूछताछ में सामने आया है कि कंडक्टर को फंसाने की योजना के तहत सुभाष ने वही अवैध हथियार जितेंद्र को उपलब्ध करवाया था।
इसके बाद जितेंद्र ने योजनानुसार हथियार कंडक्टर सुरेंद्र के बैग में रख दिया, ताकि पुलिस जांच के दौरान हथियार बरामद होने पर कंडक्टर पर संदेह हो और वह कानूनी कार्रवाई में फंस जाए।
हथियार मिलने के संबंध में आरोपी द्वारा दी गई जानकारी एवं साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
एक मोबाइल कहां गया?
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण बिंदू सामने आया है। नारनौल के नामी माेबाइल विक्रेता ने रोडवेज बस में करीब 20 लाख रुपये कीमत के 12 आई फोन रोडवेज बस में रखे थे।
लेकिन जयपुर में मामला उछलने के बाद भिवानी रोडवेज डिपो अधिकारियों तक पहुंच गया। भिवानी डिपो के महाप्रबंधक ने इस मामले में मोबाइल फोन भिवानी की पुलिस चौकी में जांच के लिए भेज दिए।
पुलिस चौकी में नारनौल के मोबाइल ड्राइवर को बुलाकर बिलों की जांच की गई। सूत्रों से पता चला है कि मोबाइल विक्रेता को केवल 11 मोबाइल ही हैंडओवर किए गए हैं। इसके बाद भी मोबाइल विक्रेता की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।