नारनौल में चाय पीते ही बिगड़ी युवक की हालत, अगले दिन मौत; पत्नी-भाभी पर जहर देने का आरोप
गांव चिंडालिया के रहने वाले अनिल नामक युवक की छोटी दीवाली यानि शनिवार को चाय पीते ही गंभीर हालत हो ...और पढ़ें

आरोप है कि छोटी दीवाली के दिन मृतक की पत्नी और छोटे भाई की पत्नी ने उसे चाय में जहर दे दिया।
जागरण संवाददाता, नारनौल। सदर थाना क्षेत्र के गांव चिंडालिया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। आरोप है कि छोटी दीवाली के दिन उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी ने उसे चाय में जहर दे दिया। उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया, जहां दिवाली के दिन रविवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन के हवाले कर दिया है। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है और पता लगाया जा रहा है कि जहर किन कारणों के चलते दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव चिंडालिया के रहने वाले अनिल नामक युवक की छोटी दिवाली यानि शनिवार को चाय पीते ही गंभीर हालत हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
स्वजन उसे रोहतक पीजीआई ले गए। रविवार को उपचार के दौरान अनिल की मृत्यु हो गई। सदर पुलिस सूचना मिलते ही रोहतक पीजीआई पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम करवा दिया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी और उसकी बहन ने उसे चाय में जहर दे दिया। पुलिस ने आरोपिताओं के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के छोटे भाई ने पुलिस को शिकायत दी है।
सदर थाना प्रभारी ने कहा कि मृतक को उसकी पत्नी और उसकी छोटी बहन, जो उसके छोटे भाई से विवाहित है, दोनों ने मिलकर चाय में जहर देने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।