नीली बत्ती की गाड़ी से आया फर्जी डॉक्टर, संतान सुख का झांसा देकर सास-बहू को किया बेहोश; गहने और नकदी ले उड़ा
नारनौल के देवास गांव में एक व्यक्ति ने खुद को डॉक्टर बताकर महिला और उसकी सास को बेहोश कर दिया। ...और पढ़ें
-1794809468615_m.webp)
सास-बहू को बेहोश कर गहने और नकदी ले उड़ा फर्जी डॉक्टर। AI जनरेटेड इमेज
HighLights
ठग ने डॉक्टर बनकर महिला और सास को बेहोश किया।
सोने के गहने और 29 हजार रुपये लेकर आरोपी फरार।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी की तलाश।
जागरण संवाददाता, नारनौल। ठगी का तरीका बदला है और अब अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार लोगों का भरोसा बनता जा रहा है। कोई डॉक्टर बनकर घर में दाखिल हो रहा है तो कोई रिश्तेदार या मददगार बनकर परिवार से नजदीकी बढ़ा रहा है।
पहले मीठी बातों से विश्वास जीता जाता है, फिर घर के सदस्यों की मजबूरी और परिस्थितियों को समझकर वारदात को अंजाम दिया जाता है। गांव देवास में सामने आई घटना इसका चौंकाने वाला उदाहरण है। यहां पीजीआई रोहतक का डॉक्टर बताकर घर पहुंचे एक व्यक्ति ने महिला को धर्म की बहन बनाया।
संतान नहीं होने की बात पता चलने पर चेकअप का झांसा दिया और महिला व उसकी सास को इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद सोने के गहने और 29 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, वारदात के बाद भी महिला को फोन पर गहने लौटाने का भरोसा देता रहा।
इंजेक्शन लगाकर किया बेहोश
जिले में यह पहली घटना नहीं है, जब ठगों ने लोगों के विश्वास और भावनाओं का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाया हो। इससे पहले भी बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर सोने के कंगन ठगने और मकान किराये पर लेने के बहाने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, देवास में इंजेक्शन लगाकर बेहोश करने का तरीका इस मामले को और गंभीर बना देता है।
खुद को बताया पीजीआई का डॉक्टर
देवास निवासी संगीता पत्नी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह जुलाई को उसकी सास मुत्री देवी सिलारपुर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान अटेली की तरफ से नीली बत्ती लगी सफेद रंग की गाड़ी वहां आकर रुकी।
वहीं, चालक ने देवास जाने की बात कहकर उसकी सास को गाड़ी में बैठा लिया। घर पहुंचने के बाद आरोपी ने परिवार के साथ बातचीत शुरू की और खुद को पीजीआई रोहतक का डॉक्टर बताया। बातचीत में उसे पता चला कि संगीता की शादी को दो साल हो चुके हैं और अभी तक कोई संतान नहीं है। इस पर उसने अपने पास अल्ट्रासाउंड मशीन होने और जांच करने का भरोसा दिया।
पति को बाहर भेजा
आरोपित ने पहले संगीता के पति संदीप का चेकअप किया और उसे कमरे से बाहर भेज दिया। इसके बाद संगीता को अकेले कमरे में बुलाकर मीठी-मीठी बातों में उलझाया और धर्म की बहन बना लिया। विश्वास कायम होने के बाद चेकअप के नाम पर उससे सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और एक जोड़ी झुमकी उतरवा ली।
इसके बाद आरोपी ने संगीता और उसकी सास को एक-एक इंजेक्शन लगा दिया। दोनों की हालत ऐसी हो गई कि वे कुछ समझ नहीं पाईं। इसी दौरान आरोपी 29 हजार रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हो गया।
फोन पर भी देता रहा भरोसा
संगीता को होश आया तो आरोपी घर से गायब था और गहने भी नहीं मिले। उसने आरोपी के दिए मोबाइल नंबर पर फोन किया तो उसने कहा कि बहन, तुम्हारे गहने गलती से मेरे पास रह गए हैं। दो-तीन दिन में आकर लौटा दूंगा। महिला को उसकी बात पर भरोसा रहा, लेकिन बाद में आरोपी का मोबाइल बंद हो गया।
वहीं, डर के कारण उसने शुरुआत में परिवार को भी घटना नहीं बताई। दीवाली पूजन के दौरान जब परिजनों ने गहने मांगे तो उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद 15 नवंबर को पति के साथ सदर थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर एएसआई कुलजीत को जांच सौंपी है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं घटनाएं
जिले में इससे पहले भी इसी तरह झांसे में लेकर महिलाओं को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आई हैं। 26 अक्टूबर 2020 को नारनौल के बस स्टैंड के पास फैजाबाद गांव की एक बुजुर्ग महिला से दो युवकों ने झांसा देकर सोने के दो कंगन और पांच हजार रुपये ठग लिए थे।
फरवरी 2022 में नारनौल में बेटा होने की दवाई देने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
जून 2023 में नारनौल के ईश्वर नगर में किराये पर मकान लेने के बहाने एक युवक और युवती घर में दाखिल हुए थे। घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर जेवर, नकदी, मोबाइल और स्कूटी लूटकर फरार हो गए थे। इन घटनाओं में अपराध का तरीका अलग-अलग था, लेकिन लोगों के विश्वास और परिस्थितियों का फायदा उठाना एक समान पहलू रहा।
घर में प्रवेश से पहले पहचान की पुष्टि जरूरी
देवास की घटना ने घरों में अकेली रहने वाली महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। केवल डाक्टर, अधिकारी या किसी संस्थान से जुड़ा होने का दावा करने पर किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। किसी भी व्यक्ति को बिना पहचान सत्यापित किए घर में प्रवेश देना और उसके हाथों दवाई या इंजेक्शन लेना खतरनाक साबित हो सकता है।
इन बातों से रहें सावधान
- खुद को डॉक्टर या सरकारी कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति का पहचान पत्र सत्यापित करें।
- किसी अनजान व्यक्ति से घर पर इंजेक्शन या दवाई न लें।
- चेकअप के नाम पर अपने सोने के गहने किसी अनजान व्यक्ति को न दें।
- घर में अकेली महिला या बुजुर्ग अनजान लोगों से विशेष सतर्क रहें।
- संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
यह भी पढ़ें- एक फोन लेकर भागा, दूसरा बैग ले उड़ा... फिर खाते से निकाले 2.80 लाख; गाजियाबाद में सामने आया ठगी का खतरनाक तरीका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।