महेंद्रगढ़ का नारनौल-दादरी हाईवे 1.62 करोड़ की लागत से होगा जगमग, रात्रि आवागमन होगा सुविधाजनक
महेंद्रगढ़ के नारनौल-दादरी हाईवे पर 1.62 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम तेजी से चल ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
नारनौल-दादरी हाईवे पर 1.62 करोड़ की स्ट्रीट लाइटें लग रहीं।
भूमिगत विद्युत केबल बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
परियोजना से शहर का सौंदर्यीकरण और रात्रि आवागमन सुविधाजनक होगा।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़ (नारनौल)। शहर के सौंदर्यीकरण और रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था की दिशा में नारनौल-दादरी रोड (एनएच-148बी) पर डिवाइडर के बीच अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
लगभग 1 करोड़ 62 लाख रूप्ये की लागत से करवाए जा रहे इस कार्य में फिलहाल भूमिगत विद्युत केबल बिछाने का काम तेजी से चल रहा है।
तान-चार दिन में काम पूरा होने की उम्मीद
नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और इसकी प्रगति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। उम्मीद है कि आगामी तीन से चार दिनों में कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दूधिया रोशनी से नहाएगा भागलपुर; स्ट्रीट लाइट की टेंडर प्रक्रिया पूरी, अंधेरे वाले स्थानों पर पहले लगेंगी लाइटें
इस परियोजना को विद्युत आपूर्ति देने के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर बिजली के एनर्जी मीटर कनेक्शन नगरपालिका महेंद्रगढ़ द्वारा करवाए जाने हैं। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की इलेक्ट्रिकल सब-डिवीजन, नारनौल द्वारा 25 सितंबर 2026 को नगरपालिका के म्युनिसिपल इंजीनियर को पत्र भी भेजा गया है, जिसमें कार्य शीघ्र पूरा होने का उल्लेख करते हुए एनर्जी मीटर कनेक्शन लेने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
पत्र के अनुसार चार हिस्सों में विद्युत लोड निर्धारित किया गया है—रेलवे ओवरब्रिज से राव तुलाराम चौक तक 10 केवी, राव तुलाराम चौक से सतनाली चौक तक 8 केवी, सतनाली चौक से बडेरवाल सिटी तक 10 केवी तथा बडेरवाल सिटी से सैनी चौक तक 12 केवी।
इस प्रकार पूरी प्रकाश व्यवस्था के लिए कुल 40 केवी लोड प्रस्तावित है।
और सुविधाजनक होगा आवागमन
प्रधान रमेश सैनी द्वारा नगरपालिका अधिकारियों को चारों बिजली मीटर कनेक्शन की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूरी करवाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं, ताकि स्ट्रीट लाइटों का कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति शुरू की जा सके और किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
परियोजना पूरी होने के बाद रेलवे ओवरब्रिज से लेकर सैनी चौक तक हाईवे का बड़ा हिस्सा आधुनिक स्ट्रीट लाइटों से रोशन होगा। इससे जहां शहर के मुख्य मार्ग का स्वरूप और आकर्षक होगा, वहीं रात्रि के समय वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलेगा और आवागमन भी अधिक सुविधाजनक होगा।
