विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूधिया रोशनी से नहाएगा भागलपुर; स्ट्रीट लाइट की टेंडर प्रक्रिया पूरी, अंधेरे वाले स्थानों पर पहले लगेंगी लाइटें

Published: Tue, 29 Sep 2026 09:02 AM (IST)

Light Installation Durga Puja 2026: भागलपुर नगर निगम ने शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा से पहले शहर में नई एलईडी स्ट्रीट ...और पढ़ें

Light Installation Durga Puja 2026: मेयर ने द‍िए कई न‍िर्देश।

 Light Installation Durga Puja 2026: मेयर ने द‍िए कई न‍िर्देश।

HighLights

  1. दुर्गापूजा से पहले भागलपुर में लगेंगी नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें।

  2. अंधेरे वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों को मिलेगी प्राथमिकता।

  3. महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, भागलपुर।  Light Installation Durga Puja 2026: शारदीय नवरात्र और दुर्गापूजा के पावन अवसर पर भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को अंधेरी सड़कों और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्या से बड़ी निजात मिलने जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने शहर भर में नई स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया को गति देते हुए इसकी निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी कर ली है।

अब दुर्गापूजा के विधिवत शुभारंभ से पहले शहर के चिन्हित गली-मोहल्लों, मुख्य व्यापारिक मार्गों, प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा। नगर निगम के अनुसार, इस अभियान में सबसे पहले उन स्थानों को प्राथमिकता सूची में रखा गया है जहां लंबे समय से प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है या पुरानी लाइटें जलकर पूरी तरह खराब हो चुकी हैं।

त्योहार के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील और चिन्हित 'डार्क स्पॉट्स' (अंधेरे वाले क्षेत्रों) में पहले खंभों पर लाइटें टांगी जाएंगी, ताकि देर रात तक पंडाल भ्रमण के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों का आवागमन सुगम और सुरक्षित बन सके।

महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष फोकस

दुर्गापूजा के दौरान महासप्तमी से लेकर विजयादशमी तक शहर की सड़कों पर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं, युवतियों और वरिष्ठ नागरिकों की भारी आवाजाही रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्य सड़कों के अलावा भीतरी गलियों और संकरे रास्तों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। अंधेरे का फायदा उठाकर होने वाली छिनतई या मनचलों की हरकतों पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर रोशनी के व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं।

मेयर की एजेंसी को दो टूक- पूजा से पहले पूरा हो काम

भागलपुर की मेयर डॉ. बसुंधरा लाल ने नगर निगम की विद्युत शाखा के संबंधित अभियंताओं और चयनित कार्यदायी एजेंसी को कड़ा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि दुर्गापूजा का पहला कलश स्थापित होने से पहले सभी चिन्हित पोलों पर लाइट लगाने का काम मुकम्मल कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के पालन में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भागलपुर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन

  • वर्तमान स्थिति: नगर निगम स्तर से टेंडर प्रक्रिया पूरी, एजेंसी का चयन संपन्न।

  • कार्य की समय-सीमा: दुर्गापूजा शुरू होने से पहले सभी चिन्हित पोलों पर लाइट लगाना अनिवार्य।

  • प्राथमिकता वाले क्षेत्र:

    1. पूजा पंडालों व प्रमुख मंदिरों के संपर्क मार्ग।

    2. ऐसे गली-मोहल्ले जहां लंबे समय से लाइटें खराब या अनुपलब्ध हैं।

    3. शहर के चिन्हित डार्क स्पॉट्स और संवेदनशील चौराहे।

    4. महिला व वरिष्ठ नागरिकों की आवाजाही वाले प्रमुख सार्वजनिक स्थल।

  • निगरानी: नगर निगम के विद्युत शाखा प्रभारी एवं वार्ड पार्षदों की संयुक्त निगरानी में सत्यापन।

मेयर ने कहा कि शहरवासियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम माहौल उपलब्ध कराना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। दुर्गापूजा का पर्व शहर में असीम उमंग और आस्था लेकर आता है, लिहाजा शहर का कोई भी कोना अंधेरे में डूबा नजर नहीं आना चाहिए। इसी उद्देश्य से टेंडर प्रक्रिया को समय रहते निष्पादित कराया गया है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके इलाके के प्रमुख मार्ग पर स्ट्रीट लाइट खराब है, तो इसकी सूचना तुरंत निगम के नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते उसे ठीक किया जा सके।

यह भी पढ़ें- चकाचक होगा भागलपुर; 5 प्रमुख रूटों पर दिन-रात सफाई, 50 मजदूर और 8 ट्रैक्टर तैनात; रात 1 बजे तक करने होंगे यह काम