विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चकाचक होगा भागलपुर; 5 प्रमुख रूटों पर दिन-रात सफाई, 50 मजदूर और 8 ट्रैक्टर तैनात; रात 1 बजे तक करने होंगे यह काम

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:28 AM (IST)

भागलपुर नगर निगम ने शारदीय नवरात्र और आगामी त्योहारों के लिए शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। इसके ...और पढ़ें

भागलपुर नगर निगम द्वारा आगामी त्योहारों को लेकर मुख्य मार्गों की सफाई।

भागलपुर नगर निगम द्वारा आगामी त्योहारों को लेकर मुख्य मार्गों की सफाई।

HighLights

  1. नवरात्र और त्योहारों के लिए भागलपुर में विशेष सफाई अभियान।

  2. 5 प्रमुख मार्गों पर दिन-रात 50 मजदूर, 8 ट्रैक्टर तैनात।

  3. लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। शारदीय नवरात्र और आगामी प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान शहरवासियों व श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भागलपुर नगर निगम ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों के अनुपालन में निगम प्रशासन ने शहर के व्यस्ततम मार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर दिन के साथ-साथ रात्रि कालीन विशेष सफाई अभियान शुरू किया है।

इसके लिए शहर में पांच महत्वपूर्ण रूट चिन्हित किए गए हैं, जहां दो पालियों में कचरा उठाव, झाड़ू लगाने और चूना व ब्लीचिंग पाउडर के व्यापक छिड़काव की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। नगर निगम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, यह विशेष सफाई अभियान दो निर्धारित पालियों—सुबह छह बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक तथा रात आठ बजे से देर रात एक बजे तक अनवरत चलेगा।

इस दौरान तय मार्गों पर किसी भी स्थान पर कचरे का अंबार या जलजमाव न रहने देने की सख्त हिदायत दी गई है। सफाई कार्य के धरातलीय क्रियान्वयन की मुख्य जिम्मेदारी जोनल प्रभारी मो. हसन खान को सौंपी गई है।

स्टेशन, खलीफाबाग और सैंडिस कंपाउंड सहित 5 रूट तय

विशेष अभियान के तहत शहर के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले पांच मार्गों का खाका तैयार किया गया है। पहले रूट में जीरोमाइल से तिलकामांझी होते हुए कचहरी चौक, घंटाघर से स्टेशन तक का संपूर्ण पथ शामिल है। दूसरा रूट टीएनबी कॉलेजिएट से डीएम आवास, तिलकामांझी, नगर निगम चौक, आदमपुर चौक व सराय से टीएनबी कॉलेज तक निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त तीसरे रूट में सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर का परिपथ, चौथे में झाउवाकोठी से डीआईजी कोठी मार्ग तथा पांचवें रूट में घंटाघर से खलीफाबाग होते हुए वेरायटी चौक से स्टेशन और वेरायटी चौक से लोहापट्टी होकर स्टेशन तक की अत्यंत व्यस्त व्यापारिक सड़कों को शामिल किया गया है।

50 मजदूर, 8 ट्रैक्टर और भारी मशीनरी तैनात

सफाई अभियान को गति देने के लिए जोनल प्रभारी को उनके नियमित दायित्वों के अतिरिक्त 50 विशेष मजदूर, आठ ट्रैक्टर, दो हॉपर टिपर और एक आधुनिक लोडर बैकहो मशीन उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही भंडारपाल, तातारपुर गोदाम को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि सफाई के लिए आवश्यक चूना, ब्लीचिंग पाउडर, कुदाल, तगाड़ी और पंजा जैसी सभी सामग्री बिना किसी प्रशासनिक विलंब के तुरंत निर्गत की जाए।

कोताही बरतने पर नपेंगे अधिकारी, फोटो के साथ होगी रिपोर्टिंग

निगम प्रशासन ने इस अभियान में जवाबदेही के कड़े मानक तय किए हैं। प्रभारी स्वास्थ्य शाखा को जोनल प्रभारी के कार्यों का जमीनी स्तर पर औचक निरीक्षण करने और जीपीएस व टाइम-स्टैम्प्ड फोटोग्राफ के साथ दैनिक रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित वाउचरों का भुगतान भी कार्य सत्यापन के उपरांत ही किया जाएगा।

भागलपुर विशेष सफाई अभियान

  • सफाई की पालियां (Shift Timings):

    • पहली पाली (सुबह): प्रातः 06:00 बजे से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक।

    • दूसरी पाली (रात): रात्रि 08:00 बजे से देर रात 01:00 बजे तक।

  • लगाए गए संसाधन: 50 मजदूर, 8 ट्रैक्टर, 2 हॉपर टिपर, 1 लोडर बैकहो।

  • अभियान के 5 प्रमुख रूट:

    1. जीरोमाइल, तिलकामांझी, कचहरी चौक, घंटाघर, भागलपुर रेलवे स्टेशन।

    2. टीएनबी कॉलेजिएट, डीएम आवास, तिलकामांझी, नगर निगम चौक, आदमपुर चौक, सराय, टीएनबी कॉलेज।

    3. सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर की सड़कें।

    4. झाउवाकोठी से डीआईजी कोठी तक का मार्ग।

    5. घंटाघर, खलीफाबाग, वेरायटी चौक, स्टेशन चौक एवं वेरायटी चौक, लोहापट्टी, स्टेशन मार्ग।

  • निगरानी तंत्र: उप नगर आयुक्त (नोडल पदाधिकारी), सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी शशि भूषण सिंह व नगर प्रबंधक।

पूरे अभियान के प्रभावी अनुश्रवण की जिम्मेदारी सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी शशि भूषण सिंह तथा नगर प्रबंधक को सौंपी गई है। सभी उप नगर आयुक्तों को इस अभियान का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है, जो स्वयं रूटों का स्थलीय मुआयना करेंगे। निगम ने दो टूक चेतावनी दी है कि किसी भी मार्ग पर कचरा या गंदगी पाए जाने पर जोनल प्रभारी, स्वास्थ्य प्रभारी और लोक स्वच्छता पदाधिकारी के खिलाफ सीधी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु पर 14 घंटे से 20 km लंबा भीषण जाम, 1 km रेंगने में ढाई घंटे लगे; 6-7 km पैदल चलने को मजबूर हुए लोग