विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ में प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने लाठियों से पीट-पीटकर ली पिता की जान, मां की शिकायत पर गिरफ्तार

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:25 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के जांट गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक ने अपने पिता पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बेटे ने संपत्ति विवाद में पिता पर लाठियों से हमला किया।

  2. हमले के कारण पिता की मौत हो गई, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

  3. आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ के गांव जांट में प्रापर्टी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने पिता के सिर में मारपीट करते हुए लाठियों से हमला कर दिया। इस कारण उसके पिता की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने उनके बेटे के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना सोमवार सुबह ही है और रोहतक ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई। मंगलवार को मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जबकि आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की पूछताछ कर रही है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव जांट निवासी सरोज देवी ने बताया कि उनके पति गिरधारी सिंह (पुत्र गुगन सिंह) शराब पीने के आदी थे।

सोमवार सुबह हुई वारदात

शिकायत के अनुसार सोमवार की सुबह करीब सात से आठ बजे वह अपने पति गिरधारी और छोटे बेटे मुकेश को प्लाट में छोड़कर गांव से लस्सी व दूध लेने गई थीं। जब वे वापस लौटीं तो पति गिरधारी सिंह और बेटे मुकेश के बीच झगड़ा हो रहा था।

सरोज देवी के मुताबिक, उन्होंने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद पति घर से बाहर जाकर बैठ गए और बताया कि मुकेश ने उन्हें चोट मारी है। इसके बाद सरोज देवी और अमित (पुत्र होशियार) घायल गिरधारी को गाड़ी से महेंद्रगढ़ के यादव अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां प्राथमिक उपचार व मरहम पट्टी के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। शिकायत के अनुसार, रोहतक ले जाने की तैयारी के तहत वे उन्हें घर लेकर आए, जहां वे बातचीत कर रहे थे, लेकिन घर पहुंचते ही उनकी मौत हो गई। सरोज देवी ने आरोप लगाया कि बेटे मुकेश द्वारा मारी गई चोटों के कारण ही उनके पति की मौत हुई है।

23 नवंबर को मिली हत्या की सूचना

पुलिस कार्रवाई के अनुसार, 23 नवंबर को आकोदा चौकी के एएसआई बलजीत सिंह को नारनौल कंट्रोल रूम से गांव जांट में गिरधारी की हत्या होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गिरधारी का शव घर के आंगन में रखा मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक के बाएं हाथ व दाहिने हाथ की कलाई पर पट्टी बंधी थी तथा पैरों पर चोट के निशान दिखाई दिए।

एएसपी वीरेंद्र सिंह, महेंद्रगढ़ ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपित से गहन पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- नारनौल: किरायेदार रखने से पहले जरूर कराएं पुलिस वेरिफिकेशन, लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों पर होगी कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।