विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ में सरकारी सिस्टम की लापरवाही, आंधी में उड़ीं 17 सोलर प्लेटें, ढाई साल बाद भी नहीं हुई मरम्मत

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:04 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के धौलेड़ा गांव में राजीव गांधी खेल परिसर का 10 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र ढाई साल से खराब पड़ा है, जिसकी 17 प्लेटें आंधी में क्षतिग्रस्त हो गई थीं।

धौलेड़ा के राजीव गांधी खेल परिसर में टूटी पड़ीं सौलर प्लेटें। सौ- ग्रामीण

धौलेड़ा के राजीव गांधी खेल परिसर में टूटी पड़ीं सौलर प्लेटें। सौ- ग्रामीण

HighLights

  1. धौलेड़ा खेल परिसर में सौर ऊर्जा संयंत्र ढाई साल से खराब।

  2. आंधी में क्षतिग्रस्त 17 प्लेटों की मरम्मत नहीं हुई।

  3. विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टाल रहे, समाधान लंबित।

विपिन कुमार, महेंद्रगढ़। सरकारी सिस्टम में एक काम करवाने के लिए आम आदमी कितने चक्कर काटता है और विभाग किस तरह एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ते हैं, इसकी तस्वीर गांव धौलेड़ा के राजीव गांधी खेल परिसर में देखने को मिल रही है।

यहां जिला पार्षद कोटे से लगाया गया 10 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र पिछले ढाई साल से बदहाल है। अप्रैल 2024 में आई तेज आंधी और वर्षा में इसकी 17 प्लेटें उड़कर क्षतिग्रस्त हो गई थीं। तब से आज तक प्लेटें ठीक नहीं हुईं।

शिकायत करने के बाद भी नहीं मिला समाधान

शिकायतकर्ता ने विभागों के चक्कर काटे, सीएम विंडो पर गुहार लगाई, लेकिन समाधान के बजाय उसे विभागों के बीच जिम्मेदारी की फुटबाल बना दिया गया।

शिकायतकर्ता भीम सिंह ने 25 मार्च को सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद शिकायत बिजली निगम, विकास एवं पंचायत विभाग, खेल विभाग और जिला प्रशासन के बीच घूमती रही। कार्रवाई रिपोर्ट में दर्ज टिप्पणियां सरकारी विभागों के रवैये को उजागर करती हैं।

बिजली निगम ने नहीं लिया एक्शन

बिजली निगम ने आठ अप्रैल को शिकायत को अपने विभाग से संबंधित नहीं बताया और जिला प्रशासन से जुड़ा मामला करार दिया। इसके बाद विकास एवं पंचायत विभाग ने 17 अप्रैल को जवाब दिया कि 10 किलोवाट का सौर ऊर्जा कनेक्शन ग्राम पंचायत की ओर से नहीं लगवाया गया है और खेल मैदान जिला खेल अधिकारी, नारनौल के अधीन आता है।

इसके बाद खेल विभाग की बारी आई तो उसने भी मामले को अपने विभाग से संबंधित मानने के बजाय सीईओ महेंद्रगढ़ से जुड़ा बताया। यानी जिस संयंत्र की प्लेटें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत कौन करवाएगा, यह तय करने में ही विभागों का समय निकलता रहा। इस बीच खेल परिसर में खराब पड़ी सौर ऊर्जा व्यवस्था को ठीक करवाने की दिशा में कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी पकड़ी विभागों की खींचतान

मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक जून 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दर्ज टिप्पणी में स्पष्ट कहा गया कि शिकायत ऊर्जा विभाग, पंचायत विभाग और खेल विभाग को भेजी जा चुकी है, लेकिन सभी विभाग बिना समाधान किए शिकायत वापस भेज रहे हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने संबंधित विभाग को शिकायत भेजने के निर्देश भी दिए। इसके बावजूद विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं हो सकी। आम आदमी के लिए बनाई गई शिकायत निवारण व्यवस्था में शिकायतकर्ता को राहत मिलने के बजाय विभागीय पत्राचार का सिलसिला चलता रहा।

दोनों बार उपायुक्त कार्यालय ने मांगा स्पष्टीकरण

सीएम विंडो की कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार 12 जून को एडीसी सह सीईओ जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं जिला परिषद कार्यालय की ओर से कार्रवाई रिपोर्ट भेजी गई।

15 जून को उपायुक्त कार्यालय ने इसे अंतरिम जवाब बताते हुए कहा कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शिकायतकर्ता अथवा किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति के संतोषजनक बयान के साथ अंतिम कार्रवाई रिपोर्ट अपलोड की जाए।

इसके बाद 21 सितंबर को दोबारा हस्ताक्षरित कार्रवाई रिपोर्ट भेजी गई। लेकिन 30 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय ने फिर इसे अंतरिम जवाब मानते हुए आवश्यक कार्रवाई पूरी करने और संतोषजनक बयान के साथ अंतिम रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए।

यानी दो बार रिपोर्ट भेजने के बावजूद शिकायत का समाधान प्रमाणित नहीं हो सका। 17 नवंबर 2026 की स्थिति रिपोर्ट में भी शिकायत प्रक्रिया के तहत दर्ज है और मामला एडीसी कार्यालय नारनौल के पास लंबित दिखाया गया है।

सरकारी सुविधा का लाभ नहीं

शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाली कंपनी ने काम सही तरीके से नहीं किया और न ही इसकी उचित वेरिफिकेशन की गई। ऐसे में संयंत्र की स्थापना से लेकर उसकी गुणवत्ता और रखरखाव तक की जांच की जरूरत है।

सवाल यह भी है कि सरकारी कोटे से खेल परिसर में सौर ऊर्जा सुविधा स्थापित करने के बाद उसके रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी थी? आंधी में 17 प्लेटें क्षतिग्रस्त होने के बाद ढाई साल गुजर गए, लेकिन न मरम्मत हुई और न ही जिम्मेदारी तय हो सकी।

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ में दर्दनाक हादसा, बस स्टैंड पर चाय पी रहे बुजुर्ग को ट्रैक्टर ने कुचला; मौके पर मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।