महेंद्रगढ़ में दर्दनाक हादसा, बस स्टैंड पर चाय पी रहे बुजुर्ग को ट्रैक्टर ने कुचला; मौके पर मौत
महेंद्रगढ़ के पड़तल बस स्टैंड पर चाय पी रहे बुजुर्ग रामकुंवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उनकी ...और पढ़ें
-1794825511943_m.webp)
इसी ट्रैक्टर की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हुई है। विपिन सिंह, जागरण
HighLights
पड़तल बस स्टैंड पर बुजुर्ग रामकुंवार की ट्रैक्टर से दर्दनाक मौत।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सीमेंट की बेंच को जोरदार टक्कर मारी।
हादसे के बाद चालक प्रवीन फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, कनीना (महेंद्रगढ़)। महेंद्रगढ़ में गांव पड़तल बस स्टैंड पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सीमेंट की बेंच पर बैठकर चाय पी रहे बुजुर्ग की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, भोजावास की तरफ से तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने बेंच को जोरदार टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कनीना लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव पड़तल निवासी करीब 56 वर्षीय रामकुंवार के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके चार बच्चे हैं और सभी की शादी हो चुकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
बेंच पर बैठे थे बुजुर्ग
पुलिस को दी शिकायत में गांव पड़तल निवासी जयभगवान ने बताया कि 15 नवंबर को शाम करीब 4 बजे वह अपने चाचा रामकुंवार और भाई राजेंद्र के साथ सामान लेने पड़तल बस स्टैंड गया था। वह और उसका भाई बस स्टैंड पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, जबकि रामकुंवार प्रजापति मिष्ठान भंडार के सामने रखी सीमेंट की बेंच पर चाय पीने के लिए बैठ गए।
इसी दौरान भोजावास की तरफ से तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर आया और ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान ट्रैक्टर सीधे सीमेंट की बेंच से जा टकराया। वहीं, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेंच पर बैठे रामकुंवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहचान बताने के बाद मौके से फरार
शिकायत के अनुसार, हादसे के बाद जयभगवान, राजेंद्र और अन्य लोगों ने ट्रैक्टर ड्राइवर को नीचे उतारा। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवीन निवासी रामबास बताया। इसी बीच परिजन घायल रामकुंवार को उपचार के लिए सीएचसी कनीना ले गए। इस दौरान ड्राइवर ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रामकुंवार को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रैक्टर की फोटो करवाने के बाद उसे कब्जे में ले लिया। कनीना सदर थाना पुलिस ने जयभगवान की शिकायत पर ट्रैक्टर ड्राइवर प्रवीन निवासी रामबास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।