विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ के ग्रामीण रूटों पर रविवार को थम जाते हैं रोडवेज बसों के पहिए, परेशान यात्री सौंपेंगे ज्ञापन

Published: Sun, 20 Sep 2026 05:56 PM (IST)

महेंद्रगढ़ में रविवार को ग्रामीण रूटों पर हरियाणा रोडवेज की बसें न चलने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना ...और पढ़ें

सब डीपो परिसर में खड़ी लगभग दर्जन मिनी बस। जागरण

सब डीपो परिसर में खड़ी लगभग दर्जन मिनी बस। जागरण

HighLights

  1. रविवार को महेंद्रगढ़ के ग्रामीण रूटों पर बसें बंद रहती हैं।

  2. यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

  3. ग्रामीण समस्या समाधान हेतु रोडवेज महाप्रबंधक से करेंगे मुलाकात।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। रविवार के दिन हरियाणा रोडवेज की बसों का सुचारू संचालन न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण लोग अपने रिश्तेदारों व अन्य निजी कार्यों से आवागमन करते हैं, लेकिन ग्रामीण रूटों पर यातायात के साधन न मिलने से यात्री दिनभर भटकने को मजबूर रहे।

सामाजिक कार्यकर्ता रामनिवास पाटोदा ने बताया कि महेंद्रगढ़ से वाया बवानियां रूट पर प्रतिदिन रेवाड़ी व नारनौल डिपो की करीब एक दर्जन बसों का संचालन होता है। इस मार्ग पर मिनी बसें भी चलती हैं, जो रविवार के दिन पूरी तरह बंद रहीं।

बस सेवाओं का बुरा हाल

महेंद्रगढ़ के सब-डिपो बनने के बावजूद बवानियां रूट पर बस सेवाओं का बुरा हाल है। ग्रामीण पूरी तरह से रोडवेज बसों पर आश्रित हैं, लेकिन रविवार को बसें न चलने से उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए कोई अन्य साधन नहीं मिलता।

उल्लेखनीय है कि इस मुख्य रूट से लगभग पांच विधानसभा क्षेत्र जुड़ते हैं, इसके बावजूद परिवहन व्यवस्था की स्थिति दयनीय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर पहले भी रोडवेज के महाप्रबंधक तथा समाधान शिविर में शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन परिवहन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों रूटों पर भी यात्रियों को मिल सके राहत

परेशानी से आहत ग्राम पंचायतों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सोमवार को वे जिला उपायुक्त और रोडवेज विभाग के महाप्रबंधक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे।

उन्होंने पुरजोर मांग की है कि महेंद्रगढ़ शहर से जुड़ने वाले सभी ग्रामीण रूटों पर रविवार के दिन भी हरियाणा रोडवेज की बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन और यात्रियों को राहत मिल सके।

यह भी पढ़ें- रोहतक से डेरा ब्यास के लिए हरियाणा रोडवेज की बस सर्विस शुरू, चेक करें रूट-टाइमिंग और किराया

यह भी पढ़ें- हरियाणा रोडवेज में पुलिसकर्मी फ्री बस यात्रा के पात्र नहीं, इन कर्मचारियों को भी नहीं मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा