विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सबसे ठंडा रहा महेंद्रगढ़, 7.7 डिग्री तक गिरा पारा; अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं बढ़ाएंगी ठिठुरन

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:52 PM (IST)

दक्षिणी हरियाणा में रात के तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ी है, महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है। 

हरियाणा में महेंद्रगढ़ रहा सबसे ठंडा। फाेटो: सांकेतिक

हरियाणा में महेंद्रगढ़ रहा सबसे ठंडा। फाेटो: सांकेतिक

HighLights

  1. महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

  2. नारनौल में न्यूनतम तापमान 9.5 और अधिकतम 25 डिग्री।

  3. उत्तर-पश्चिमी हवाएं बढ़ाएंगी ठंड, नवंबर अंत तक मौसम शुष्क।

जागरण संवाददाता, नारनौल। दक्षिणी हरियाणा में अब रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है।

मंगलवार को महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं नारनौल में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम के इस बदलाव के साथ सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध और हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है।

महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री

मंगलवार को नारनौल में न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के मुकाबले 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री पर पहुंच गया।

इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। दूसरी ओर महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज हुआ, जो एक दिन पहले के मुकाबले 2.5 डिग्री कम रहा। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा-एनसीआर दिल्ली पर किसी मौसम प्रणाली का प्रभाव नहीं है। इस कारण मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है।

उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट हो रही है, जबकि दक्षिणी पूर्वी और दक्षिणी पश्चिमी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

अब उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ने से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

दिसंबर में सक्रिय होंगे पश्चिमी विक्षोभ

उन्होंने बताया कि नवंबर के अंतिम दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध और हल्का कोहरा छा सकता है।

तेज हवाओं से वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार होने की संभावना है। दिसंबर के पहले पखवाड़े में तीन से चार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार, रात में लुढ़का पारा तो दिन में जहरीली हुई हवा; महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।