विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेवर बनाने के नाम पर 17 व्यापारियों को लगाया चूना, 930 ग्राम सोना और 3 लाख नकदी लेकर फरार हुआ कारीगर

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:16 PM (IST)

महेंद्रगढ़ में एक कारीगर 17 सराफा कारोबारियों का 930 ग्राम से अधिक सोना लेकर फरार हो गया, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. कारीगर 930 ग्राम से अधिक सोना लेकर फरार।

  2. महेंद्रगढ़ के 17 सराफा कारोबारी हुए ठगी का शिकार।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। सराफा बाजार में वर्षों से विश्वास के दम पर चल रहे कारोबार को एक कारीगर ऐसा झटका दे गया कि 17 स्वर्णकारों के होश उड़ गए। करीब 10 वर्षों से जेवर बनाने का काम कर रहा कारीगर कथित तौर पर 930.690 ग्राम सोना लेकर रहस्यमय तरीके से फरार हो गया।

किसी ने उसे जेवर बनाने के लिए सोना दिया था तो किसी ने पुराने आर्डर का काम सौंपा था, लेकिन अब न कारीगर का कोई पता है और न ही सोने का। शिकायत मिलने पर सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सराफा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है।

कारोबारियों ने की शिकायत

स्वर्णकारों की शिकायत के अनुसार, कारीगर सुनील कुमार 13 नवंबर को कारोबारियों से सोना लेकर गया था। इसके अगले दिन यानी 14 नवंबर की सुबह वह अचानक गायब हो गया। जब कारोबारियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

इसके बाद उसके घर जाकर जानकारी ली गई तो स्वजन ने उसके खाटू श्याम जाने की बात कही। हालांकि, जब दुकान और घर की तलाशी ली गई तो वहां भी सोना नहीं मिला। इसके बाद कारोबारियों को ठगी का संदेह हुआ और पुलिस को शिकायत दी गई।

किसी का 225 तो किसी का 30 ग्राम सोना

शिकायत में 17 स्वर्णकारों का कुल 930.690 ग्राम सोना गायब होने की बात सामने आई है। इसमें देवेंद्र कुमार का 225 ग्राम, लच्छी राम झगडोली का 113 ग्राम, मुकेश कुमार का 60 ग्राम, भारत भूषण का 50 ग्राम और दिनेश नारनौल का 40 ग्राम सोना शामिल है।

इसके अलावा राकेश कुमार का 35 ग्राम, नवीन और विनोद कुमार का 30-30 ग्राम तथा तुषार मराठा का 25.250 ग्राम सोना भी शामिल है। गोविंद बसई का 14 ग्राम सोना और तीन लाख रुपये नकद भी शिकायत में बताए गए हैं। अन्य कारोबारियों का सोना भी इस सूची में शामिल है।

पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

सिटी थाना प्रभारी हरिप्रकाश ने बताया कि स्वर्णकारों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, इस घटना से सराफा कारोबारियों में नाराजगी और चिंता है। कारोबारियों के बीच वर्षों से बने आपसी भरोसे को इस वारदात ने झकझोर दिया है।

यह भी पढ़ें- नोएडा में एक महीने से एलिवेटेड रोड बंद, सर्विस रोड पर लग रहा घंटों जाम; उच्चस्तरीय जांच और तत्काल मरम्मत की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।