विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

8 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच लड़ी जंग, महेंद्रगढ़ में दो साल की बच्ची की नहीं बच सकी जान

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:56 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के एक गांव में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की रोहतक पीजीआई में इलाज के दौरान ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated)

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated)

HighLights

  1. दो साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत।

  2. गर्म पानी से झुलसने का आरोप पिता पर।

  3. पुलिस मामले की गहनता से कर रही है जांच।

संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में गर्म पानी से झुलसी दो साल की बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्ची को झुलसाने का आरोप उसके पिता पर लगा है। बताया जा रहा है कि नौ अक्टूबर को बच्ची के ऊपर गर्म पानी डाला गया था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।

इसके बाद उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ ले जाया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया था। बच्ची को बाद में पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया, जहां करीब आठ दिन तक उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया।

बच्ची की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने रोहतक पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम कराया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, बच्ची के झुलसने की परिस्थितियों और घटना में पिता की भूमिका को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

9 अक्टूबर की है घटना

जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार महेंद्रगढ़ सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में रहता है। बच्ची का पिता इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। आरोप है कि 9 अक्टूबर को बच्ची के ऊपर गर्म पानी डाला गया था। इस घटना में वह बुरी तरह झुलस गई थी। स्वजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे थे।

बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद बच्ची को रोहतक पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि बच्ची स्वस्थ होकर घर लौट आएगी, लेकिन करीब आठ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उसकी मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस

बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची किन परिस्थितियों में झुलसी थी और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। उधर सदर थाना महेंद्रगढ़ के प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जांच पूरी होने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची के झुलसने की घटना और उसकी मौत के संबंध में जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में सोनीपत कनेक्शन आया सामने, दो शूटरों की कुंडली खंगाल रही पुलिस

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ के कनीना में बाइक हादसे के बाद नहर में गिरे युवक का शव मिला