विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ में खेत से गुजर रहे रास्ते के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, लात-घूंसों से पीट-पीटकर मार डाला

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:21 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के गांव ढाणा में खेत के रास्ते को लेकर हुए मामूली विवाद में एक बुजुर्ग राजपाल की पीट-पीटकर हत्या ...और पढ़ें

महेंद्रगढ़ में किसान की पीट-पीटकर हत्या। फोटो: सांकेतिक

महेंद्रगढ़ में किसान की पीट-पीटकर हत्या। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, महेंद्रगढ़। गांव ढाणा में खेत के रास्ते के विवाद को लेकर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रास्ते की बात को लेकर हुए मामूली विवाद में पड़ोसी पक्षों के बीच संघर्ष हो गया, जिसमें एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

11 फीट का रास्ता संकरा करने पर विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव ढाणा निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनका परिवार खेतों में ट्यूबवेल पर मकान बनाकर रहता है। उनकी जमीन के बीच से भाईचारे के चलते खेतों में आने-जाने के लिए 11 फीट का रास्ता छोड़ा गया है।

आरोप है कि इस जमीन को जोतने वाले भीम सिंह द्वारा इस रास्ते को दबाकर बहुत संकीर्ण कर दिया जाता है। इस रास्ते के पास लगते खेत में फिलहाल भीम सिंह ने गेहूं की फसल बिजाई की हुई है।

11 फीट का पूरा रास्ता छोड़ने को लेकर पहले भी कई बार कहा जा चुका है, जिसको लेकर पूर्व में भी विवाद व झगड़ा होता रहा है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 14 नवंबर को सुबह करीब 7:30 बजे भीम सिंह, उसका बेटा संदीप, महेंद्र पुत्र भीम सिंह, मोहित पुत्र महेंद्र और मेसर पत्नी भीम सिंह सभी निवासी ढाणा रास्ते पर आए और जोर-जोर से गाली-गलौज करने लगे।

आरोपियों ने वहां मौजूद परिवार से कहा कि उनके ट्यूबवेल पर रहने वाले कुत्ते को बांधकर रखा करो और उसे रोटी क्यों डालते हो, जो उनके गेहूं में नुकसान करता है।

बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग पर हमला

शोर सुनकर अजय कुमार के पिता राजपाल, उनकी माता अनीता और अजय खुद वहां पहुंचे। राजपाल ने जब आरोपियों से कहा कि वह कुत्ता उनका नहीं है, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए राजपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

झगड़ा होता देख पड़ोस के खेत में अपनी फव्वारा लाइन बदल रहे ग्रामीण रामौतार और झमन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने राजपाल को लात-घूंसों और मुक्कों से बुरी तरह पीटा।

मारपीट के दौरान राजपाल जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए।

अस्पताल ले जाने से पहले ही हो गई मौत

स्वजन बेहोश राजपाल को उठाकर अपने मकान पर ले आए। इस दौरान आसपास के अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक राजपाल की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर मृतक के भाई सुबे सिंह और कृष्ण सिंह भी मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। मृतक के बेटे अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि उसके पिता राजपाल की मृत्यु भीम सिंह, महेंद्र, संदीप, मोहित व अन्य द्वारा लात-घूंसों से बेरहमी से पीटकर की गई है।

पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकला नाबालिग, महेंद्रगढ़ पुलिस ने 30 मिनट में खोज निकाला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।