महेंद्रगढ़ में पुलिस की सख्ती के बाद भी नहीं थम रही मनमानी, रोजाना कट रहे 210 चालान; 12.31 करोड़ का लगा जुर्माना
महेंद्रगढ़ में 11 महीनों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 69,236 चालान काटे गए, जिससे ₹12.31 करोड़ का जुर्माना वसूला गया।

महेंद्रगढ़ में 11 महीनों में कटे 69,236 चालान। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
महेंद्रगढ़ में 11 महीने में 69,236 यातायात चालान काटे गए।
कुल ₹12.31 करोड़ का जुर्माना वसूला गया, 2621 वाहन जब्त।
बिना हेलमेट, गलत पार्किंग सबसे बड़े उल्लंघन के मामले रहे।
विपिन कुमार, महेंद्रगढ़। सड़क पर निकलते ही कहीं बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते चालक दिख जाएंगे तो कहीं बाजार की सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन। कोई रेड लाइट को नजरअंदाज कर निकल रहा है तो कोई मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चला रहा है।
यातायात नियमों की ऐसी अनदेखी महेंद्रगढ़ जिले की सड़कों पर आम होती जा रही है। पुलिस चालान काट रही है, जुर्माना लगा रही है और वाहन इंपाउंड भी कर रही है, लेकिन नियम तोड़ने वालों की संख्या हजारों में बनी हुई है।
इस साल कितने वाहनों का कटा चालान?
इस साल एक जनवरी से 25 नवंबर तक जिले में 69,236 चालान काटे गए। यानी हर घंटे औसतन नौ वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़े गए। इन पर 12 करोड़ 31 लाख 12 हजार 550 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 2621 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुल चालानों में करीब हर तीसरा चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों का है। इस अवधि में ऐसे 23,222 चालान किए गए। यानी सिर की सुरक्षा के लिए जरूरी हेलमेट पहनने के नियम को भी बड़ी संख्या में वाहन चालक गंभीरता से नहीं ले रहे।
दोपहिया वाहन पर कुछ मिनट का सफर हो या लंबी दूरी की यात्रा, हेलमेट से परहेज करने की यह आदत दुर्घटना के समय जानलेवा साबित हो सकती है। चालान के आंकड़े बताते हैं कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यह लापरवाही थम नहीं रही।
सड़क को समझ लिया पार्किंग स्थल
बाजारों और मुख्य रास्तों पर बेतरतीब खड़े वाहन केवल जाम का कारण नहीं बनते, बल्कि दूसरे वाहन चालकों के लिए भी परेशानी खड़ी करते हैं। जिले में गलत पार्किंग के 10,708 चालान किए गए। यानी हर दिन औसतन करीब 33 वाहन गलत जगह खड़े मिले।
यह आंकड़ा बताता है कि सड़क को पार्किंग स्थल समझने की प्रवृत्ति यातायात व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने के 7709 चालान हुए। यानी हेलमेट के बाद ओवरस्पीडिंग और गलत पार्किंग भी पुलिस की कार्रवाई के बड़े कारण रहे।
दस्तावेजों में भी लापरवाही बरत रहे चालक
वाहन की पहचान के लिए नंबर प्लेट जरूरी है, लेकिन जिले में 1963 वाहन बिना नंबर प्लेट के चलते मिले। वहीं हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं होने पर 4228 चालान किए गए। दोनों श्रेणियों को मिलाकर 6191 चालान नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर हुए।
बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के 3963 और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 2919 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। बिना आरसी वाहन चलाने पर भी 2878 चालान काटे गए। यानी सड़क पर वाहन चलाने से लेकर उसके जरूरी दस्तावेज पूरे रखने तक में नियमों की अनदेखी सामने आई है।
शराब पीकर भी दौड़ाए वाहन
यातायात नियमों की अनदेखी का दायरा यहीं तक सीमित नहीं है। रेड लाइट जंप करने पर 665, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 1305 और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 1168 चालान किए गए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 404 चालान हुए।
वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के 310 मामले पकड़े गए। इसके अलावा लाइन बदलने के नियम का उल्लंघन करने पर 5876 और डार्क फिल्म लगाने पर 132 चालान काटे गए। इनमें शराब पीकर वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन दौड़ाना और मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग जैसे उल्लंघन न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में डालते हैं।
हर दिन 3.6 लाख रुपये का जुर्माना
11 महीने में काटे गए चालानों के आंकड़ों के हिसाब से प्रतिदिन औसतन करीब 210 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई और करीब 3.6 लाख रुपये की जुर्माना राशि दर्ज की गई।
इस दौरान 2621 वाहन इंपाउंड किए गए। इसके बावजूद हेलमेट, गलत पार्किंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों की बड़ी संख्या यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर वाहन चालक यातायात नियमों को अपनी जिम्मेदारी कब समझेंगे। क्योंकि सड़क पर सुरक्षा केवल पुलिस के चालान से नहीं, बल्कि हर वाहन चालक के अनुशासन से तय होती है।
नियम तोड़ने में कौन सबसे आगे?
-1795957199918.webp)
-1795957974022.webp)
यह भी पढ़ें- पंजाब का तस्कर महेंद्रगढ़ में गिरफ्तार, 56 ग्राम हेरोइन बरामद; 4 दिन की रिमांड पर पूछताछ करेगी पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।