विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'उठो मालिक, घर चलो...' मौत के बाद रातभर बिशन के शव से लिपटा रहा बेजुबान शेरू, देख पुलिस भी हुई भावुक

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:17 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 06:22 PM (IST)

नारनौल के नावदी गांव में बिशन की हत्या के बाद उसका पालतू कुत्ता शेरू रातभर शव के पास बैठा रहा, उसकी वफादारी देख पुलिस भी भावुक हो गई।

अपने मालिक के शव के पास बैठा शेरू। जागरण

अपने मालिक के शव के पास बैठा शेरू। जागरण

HighLights

  1. शेरू रातभर अपने मृत मालिक बिशन के शव के पास बैठा रहा।

  2. पुलिसकर्मी भी बेजुबान शेरू की वफादारी देखकर भावुक हो गए।

  3. शेरू एम्बुलेंस के पीछे मीलों तक भागा, मालिक को ढूंढता रहा।

बलवान शर्मा, नारनौल। नारनौल के नावदी गांव की उस सर्द और स्याह सोमवार की रात में सन्नाटा कुछ ज्यादा ही गहरा था। श्मशान की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर, जहां दिन के उजाले में भी लोग कम ही गुजरते थे, वहां रात के अंधेरे में एक ऐसा मंजर बिखरा पड़ा था, जिसने पूरे इलाके के रोंगटे खड़े कर दिए।

पृथ्वी सिंह के बेटे बिशन का बेजान शरीर धूल से सनी जमीन पर पड़ा था। किसी बेरहम ने न केवल उसकी सांसें छीनी थीं, बल्कि उसके चेहरे पर इतनी बेरहमी से वार किए थे कि पहचान पाना भी मुश्किल हो रहा था। हवा में ठंडक थी, लेकिन वहां बिखरे खून की गर्माहट अभी पूरी तरह मिटी नहीं थी।

इंसानों की बस्ती से दूर, उस वीरान रास्ते पर जब कोई अपना मौजूद नहीं था, तब भी बिशन अकेला नहीं था। उसके सीने से सटकर, ठंड में कांपता हुआ उसका पालतू कुत्ता 'शेरू' बैठा था।

कभी चेहरे को छूता, कभी कूं-कूं करता

शेरू को न तो कानून की समझ थी, न ही हत्या और साजिशों की। वह बस इतना जानता था कि उसका मालिक, जो हर रोज़ उसे अपने हाथों से रोटी खिलाता था और प्यार से उसके सिर पर हाथ फेरता था, आज जमीन पर शांत पड़ा है और उठ नहीं रहा।

वह बार-बार अपनी गीली नाक से बिशन के लहूलुहान चेहरे को छूता, कभी धीरे से कूं-कूं करता, तो कभी अपने पंजों से उसके कंधे को हिलाने की कोशिश करता—मानो कह रहा हो, 'उठो मालिक, रात बहुत हो गई है, घर चलो।'

जब गांव के सरपंच की सूचना पर अटेली थाने के एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो टार्च की रोशनी सबसे पहले उस बेजुबान पर पड़ी।

पुलिस की गाड़ियों की आवाज और लोगों की भीड़ देखकर भी शेरू वहां से टस से मस नहीं हुआ। वह अपने मालिक के शव पर पहरा दे रहा था, जैसे जीते-जी तो वह उसे बचा न सका, पर अब मरने के बाद उस पर आंच नहीं आने देगा।

अजीब सी बेबसी और गुस्सा था शेरू की आंखों में

जब पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाने की कोशिश की, तो शेरू की आंखों में एक अजीब सी बेबसी और गुस्सा तैर गया। वह गुर्राया नहीं, बल्कि एक दर्द भरी चीख के साथ बिशन के सीने पर सिर रखकर लेट गया।

वहां खड़े हर शख्स की आंखें उस बेजुबान की वफादारी देखकर नम हो गईं। खाकी वर्दी पहने सख्त दिल पुलिसवालों के कदम भी एक पल के लिए ठिठक गए।

इंसान ने इंसानियत का कत्ल कर जिस शरीर को लावारिस समझकर अंधेरे में फेंक दिया था, एक बेजुबान जानवर ने अपनी वफादारी से उसे आखिरी वक्त तक दुनिया का सबसे अजीज इंसान बनाए रखा। एम्बुलेंस जब सायरन बजाती हुई बिशन के शव को लेकर गांव से रवाना हुई, तो शेरू मीलों तक उस गाड़ी के पीछे भागता रहा—इस उम्मीद में कि शायद उसका मालिक लौट आए।

अविवाहित था बिशन

करीब 47-48 वर्षीय बिशन अविवाहित था और वह अपने पालतु कुत्ते के साथ अकेला रहता था। सोमवार रात को अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी बेहरमी से हत्या कर डाली। हो सकता है कि उसके पालतु कुत्ते ने उसे बचाने का भी प्रयास किया हो पर ऐसा हो न सका। बिशन के शव पर लेते शेरू की हालत उसकी मनोस्थिति को बयां कर रही थी।

यह भी पढ़ें- नारनौल में खुली पशु चिकित्सा व्यवस्था की पोल, 10 में से पांच पर लटका मिला ताला; कर्मचारी भी गैरहाजिर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।