Exclusive: 2036 ओलंपिक की तैयारी में जुटा हरियाणा, सरकारी स्कूलों के 5900 शिक्षकों को मिलेगी योग की ट्रेनिंग
हरियाणा 2036 ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए सरकारी स्कूलों में योग प्रतिभाओं को तराशने की तैयारी कर रहा ...और पढ़ें

वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा ने सरकारी स्कूलों में योग प्रतिभाओं को तराशने की तैयारी शुरू कर दी है।
HighLights
2036 ओलंपिक के लिए हरियाणा में योग प्रतिभाओं को तराशने की तैयारी।
5900 शारीरिक शिक्षा अध्यापकों को मिलेगा 30 दिवसीय विशेष योग प्रशिक्षण।
स्कूलों में बच्चों की योग प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाना लक्ष्य।
विपिन कुमार, नारनौल। वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा ने सरकारी स्कूलों में योग प्रतिभाओं को तराशने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर के शारीरिक शिक्षा अध्यापकों को योग का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि स्कूल स्तर पर ही बच्चों की योग प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
210 शारीरिक शिक्षा अध्यापक लेंगे हिस्सा
पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार और हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षा विभाग हरियाणा सरकार के माध्यम से 21 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 30 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। महेंद्रगढ़ जिले के पांचों खंडों से 210 शारीरिक शिक्षा अध्यापक इसमें भाग लेंगे।
करीब 5900 शारीरिक शिक्षा अध्यापक लेंगे ट्रेनिंग
जिला योग प्रशिक्षक कोआर्डिनेटर एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान महेंद्रगढ़ में संस्कृत प्रवक्ता अरुण कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही योगासन का अभ्यास कराना है।
प्रदेशभर में करीब 5900 शारीरिक शिक्षा अध्यापक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण के बाद अध्यापक स्कूलों में विद्यार्थियों को योग का नियमित अभ्यास कराने और उनकी प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
खंड स्तर पर बनेंगे प्रशिक्षण केंद्र
प्रशिक्षण के लिए महेंद्रगढ़ जिले के पांचों खंडों में केंद्र बनाए गए हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे अभ्यास सत्र के साथ शुरू होगा और दोपहर दो बजे तक चलेगा। पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर अध्यापकों को योग का अभ्यास कराएंगे। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के मास्टर ट्रेनर और आयुष विभाग में योग आयोग से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर भी प्रशिक्षण में सहयोग करेंगे।
स्कूलों से तैयार होंगी योग प्रतिभाएं
इस पहल के पीछे प्रमुख उद्देश्य योग को केवल दैनिक अभ्यास तक सीमित न रखकर इसे खेल प्रतिभा के रूप में भी विकसित करना है। स्कूलों में प्रशिक्षित अध्यापकों के माध्यम से बच्चों को योगासन की सही तकनीक सिखाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने और भविष्य के लिए प्रतिभाशाली योग खिलाड़ियों की पहचान करने का आधार तैयार हो सकेगा।
