विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की माटी से अंतरिक्ष तक, विज्ञान की बारीकियां सीखेंगे हरियाणा के 46 होनहार; ISRO की सात दिवसीय यात्रा पर रवाना

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:19 PM (IST)

हरियाणा के 46 मेधावी विद्यार्थी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के हैदराबाद केंद्र की सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर गए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. हरियाणा के 46 मेधावी छात्र इसरो हैदराबाद यात्रा पर।

  2. सात दिवसीय यात्रा में अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां सीखेंगे।

  3. चंद्रयान, मंगलयान जैसे अभियानों की जानकारी मिलेगी।

विपिन कुमार, नारनौल। गांव के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के सपनों को अब अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। कक्षाओं में चंद्रयान, मंगलयान और राकेट के बारे में पढ़ने वाले हरियाणा के 46 मेधावी विद्यार्थी अब इन उपलब्धियों को करीब से समझेंगे।

हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और समग्र शिक्षा हरियाणा की ओर से चयनित विद्यार्थियों को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के हैदराबाद केंद्र की सात दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर भेजा गया है। 12 से 18 नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां जानने के साथ वैज्ञानिकों से सीधे संवाद भी करेंगे।

महेंद्रगढ़ के दो विद्यार्थियों ने बनाई वजह

इस यात्रा में महेंद्रगढ़ जिले के दो विद्यार्थियों ने भी अपनी जगह बनाई है। इनमें राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल के कक्षा 12वीं के विद्यार्थी चिराग गर्ग और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांवड़ी जाट की कक्षा 11वीं की छात्रा खुशी शामिल हैं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 46 विद्यार्थियों में 25 छात्राएं और 21 छात्र हैं। इनका चयन विज्ञान में रुचि, शैक्षणिक प्रदर्शन और नवाचार क्षमता के आधार पर किया गया है।

इसरो की वैज्ञानिक दुनिया को करीब से देखेंगे विद्यार्थी

सात दिवसीय यात्रा के तहत 12 और 13 नवंबर को विद्यार्थियों के आने-जाने की यात्रा निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 से 16 नवंबर तक इसरो केंद्र में शैक्षणिक भ्रमण और वैज्ञानिक गतिविधियां होंगी। वहीं 17 और 18 नवंबर को वापसी यात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थी प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक माडलों और प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। उन्हें चंद्रयान, मंगलयान, गगनयान और आदित्य एल-1 जैसे ऐतिहासिक अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही राकेट निर्माण, उपग्रहों की कार्यप्रणाली, प्रक्षेपण प्रक्रिया और सुदूर संवेदन तकनीक को समझने का अवसर मिलेगा।

महेंद्रगढ़ के दो शिक्षक भी दल में शामिल

विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सुरक्षा के लिए पांच शिक्षकों का दल साथ भेजा गया है। इनमें महेंद्रगढ़ के जिला विज्ञान पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार और राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ के रसायन विज्ञान प्रवक्ता डा. योगेंद्र शामिल हैं। इनके अलावा फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और हिसार के तीन अन्य शिक्षक भी दल में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- नारनौल में खुली पशु चिकित्सा व्यवस्था की पोल, 10 में से पांच पर लटका मिला ताला; कर्मचारी भी गैरहाजिर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।